कुपवाड़ा| गृह मंत्री अमित शाह के जम्मू-कश्मीर दौरे से पहले शुक्रवार को सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। भारतीय सेना ने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे चार आतंकवादियों को मार गिराया है। कुपवाड़ा के माच्छिल सेक्टर में पुलिस और सेना के संयुक्त अभियान में सुरक्षाबलों ने ये कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की तरफ से आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। जम्मू कश्मीर पुलिस ने इस घटना के बारे में बताया है।
जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के जवानों में आतंकवादियों के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। आतंकियों के खिलाफ जारी ऑपरेशन में जवानों चुन चुनकर उनको निशाना बना रहे है। घाटी में सेना के जवानों को शुक्रवार एक बड़ी सफलता मिली है। कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट कर जानकारी दी कि एक संयुक्त ऑपरेशन में सेना और पुलिस ने कुपवाड़ा के माच्छिल सेक्टर के काला जंगल में चार आतंकवादियों को ढेर कर दिया है। आतंकी पीओजेके से भारतीय सीमा की तरफ घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सुरक्षाबलों ने उन्हें ढेर कर दिया। सुरक्षाबलों ने संबंधित इलाके को घेर लिया है। मौके पर अभी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जवानों ने एक सप्ताह में घुसपैठ की यह दूसरी बड़ी कोशिश नाकाम की गई है। इससे पहले 16 जून शुक्रवार को भी कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश कर रहे पांच पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया। नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर रातभर चली मुठभेड़ में मारे गए आतंकियों से भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सेना के अधिकारी गिरीश कालिया ने बताया कि एलओसी पर जमागुंड इलाके में घुसपैठ की सूचना पर सुरक्षा बलों ने कई जगहों पर मोर्चा लगाया था। इस दौरान रात एक बजे देखा गया कि पांच आतंकी घुसपैठ कर इस पार दाखिल होने की कोशिश कर रहे हैं। सीमा में आने पर आतंकियों को ललकारा गया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पांच आतंकी मार गिराए गए। वहीं, 13 जून को माच्छिल सेक्टर में दो पाकिस्तानी आतंकी ढेर किए गए थे।


