मध्यप्रदेश : मैहर में बस और डंपर में जोरदार टक्कर, 9 लोगों की मौत, 20 घायल, सीएम ने शोक व्यक्त किया

प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश सतना

मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर जिले के नादन थाना क्षेत्र में बस-डंपर हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गयी है। इनमें छह की घटना स्थल पर जबकि तीन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दमतोड़ दिया। सत्रह अन्य घायल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। बस प्रयागराज (उत्तरप्रदेश) से नागपुर (महाराष्ट्र) जा रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार कल देर रात्रि मैहर के नादन थाना से करीब एक किलोमीटर दूर हुए इस भीषण हादसे में बस सवार छह यात्रियों ने मौके पर ही दमतोड़ दिया, जबकि तीन की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गयी है।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से निकालकर मैहर, अमरपाटन और सतना के अस्पतालों में पहुंचाया। घायलों की संख्या सत्रह बतायी गयी है। घायलों में बस चालक भी शामिल है। पुलिस ने बताया कि बस प्रयागराज से नागपुर की तरफ जा रही थी। बताया गया है कि बस काफी तेज गति से जा रही थी और वह सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा गयी। भीषण टक्कर के कारण बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है।

बस काटकर निकले गए शव
हादसे में बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था, जिसके बाद बचाव टीम ने गैस कटर से बस काटकर मृतकों के शव को बाहर निकाला। राहत बचाव टीम ने घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस के जरिए अमरपाटन, मैहर और सतना अस्पताल भेजा। गंभीर रूप से घायल बस ड्राइवर सहित कई यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि बस में लगभग 45 यात्री सवार थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर में हुई दुर्घटना पर किया शोक व्यक्त

भोपाल| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर जिले में हुई सड़क दुर्घटना में यात्रियों की असमय मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि यात्रियों के असमय काल कवलित होने का समाचार अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगतों की पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार शोकाकुल परिवारों के साथ है। घायलों के समुचित इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया है। मृतकों के परिजन को शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जायेगी। उल्लेखनीय है कि मैहर जिले में ट्रक और उत्तर प्रदेश की यात्री बस के बीच भीषण टक्कर होने से यह हादसा हुआ।

Leave a Reply