एजेंसी, इंफाल। मणिपुर हिंसा समाचार : अशांति की मार झेल रहे मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को एक बेहद दुखद घटना सामने आई। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान, जो इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर तैनात था, हमलावरों की गोली का शिकार हो गया। अधिकारियों के अनुसार, कांस्टेबल मिथुन मंडल को शाम करीब साढ़े चार बजे निशाना बनाया गया। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत इंफाल के अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान शाम छह बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। शहीद जवान पश्चिम बंगाल के भगजन टोला गांव के निवासी थे और बीएसएफ की 170वीं बटालियन में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
DG BSF and All Ranks salute the supreme sacrifice made by Constable Mithun Mandal in the line of duty. He sustained a bullet injury while on operational duty in Mongkot Chepu village, Ukhrul, Manipur on 10/04/26. He was evacuated to RIMS, Imphal, where he succumbed to his… pic.twitter.com/6I0Z194Dtk
— IANS (@ians_india) April 11, 2026
तनावपूर्ण इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी
मणिपुर पुलिस ने इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की है। पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, हमलावरों का सुराग लगाने के लिए सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी संगठन या व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी मुस्तैदी से दोषियों की तलाश में जुटी हैं।
मुख्यमंत्री ने दी वीर जवान को श्रद्धांजलि
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ पर अपना बलिदान देने वाले पश्चिम बंगाल के इस बहादुर बेटे की शहादत को देश हमेशा याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए शहीद के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
फरवरी से सुलग रहा है उखरुल जिला
इस क्षेत्र में हिंसा का दौर 7 फरवरी की शाम को शुरू हुआ था, जिसकी वजह शराब के नशे में हुआ एक मामूली झगड़ा था। उस विवाद ने देखते ही देखते सांप्रदायिक रूप ले लिया, जिसमें तांगखुल नागा समुदाय के एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद भड़की हिंसा में उपद्रवियों ने 25 घरों और सरकारी आवासों को आग के हवाले कर दिया था। स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए जिले में कर्फ्यू लगाया गया था और इंटरनेट सेवाएं भी कई दिनों तक बंद रखनी पड़ी थीं। तांगखुल और कुकी समुदायों के बीच जारी इसी तनाव को देखते हुए वहां भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात हैं।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


