भोपाल/हरदा| कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज मध्य प्रदेश के दौरे पर थे. उन्होंने हरदा-जावद में सभा और भोपाल में सभा कीं. भोपाल में रोड शो भी किया. राहुल गांधी ने दावा किया कि इस बार एमपी में कांग्रेस पार्टी 150 सीटें जीतेगी. पुराने भोपाल के इमामी गेट से शुरू हुआ रोड शो दो विधानसभा क्षेत्रों उत्तर और मध्य के विभिन्न इलाकों से होता हुआ अशोका गार्डन पर पहुंचा. रोड शो करीब पौने दो किमी लंबा था. उसमें उन्होंने दो नुक्कड़ सभा भी कीं. रोड शो में उनके साथ पीसीसी चीफ कमलनाथ, सुरेश पचौरी और तीन क्षेत्रों के प्रत्याशी भी थे. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया कि इस बार मध्य प्रदेश में कांग्रेस की 150 सीट लाकर दिखाएंगे. कर्नाटक में बीजेपी नेता कह रहे थे हम जीतेंगे लेकिन जवाब जनता ने दे दिया. मौजूदा सरकार को जनता ने नहीं चुना है. इस बार एमपी में कांग्रेस की 150 सीट आना चाहिए. एक भी सीट कम नहीं होना चाहिए.
कांग्रेस ने 15 महीने में 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया-कमलनाथ
अशोका गार्डन में हुई सभा में कमलनाथ बोले मैं 44 साल से चुनाव लड़ रहा हूँ. ये चुनाव एमपी के भविष्य का है. नरेला के भविष्य की रक्षा हम सब मिलकर करेंगे. प्रदेश के किसान खाद के लिए भटक रहे हैं. हमारी कांग्रेस सरकार ने सिर्फ 15 महीने के शासन में मध्य प्रदेश के 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया. हमने 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी. 1 हजार गौशाला मैंने बनवाईं. कमलनाथ ने जनता से आव्हान किया कि 17 तारीख को सच्चाई का बटन दबाना है.
हरदा जिले की टिमरनी विधानसभा के सिराली में पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी
इससे पहले हरदा जिले की टिमरनी विधानसभा के सिराली में पहुंचे कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भीड़ भरी चुनावी जनसभा को संबोधित किया. राहुल गांधी ने अपने भाषण में आदिवासी, युवा बेरोजगारी,भ्रष्टाचार के मुद्दे पर मप्र और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. राहुल गांधी के भाषण में युवाओं और आदिवासियों पर ज्यादा फोकस रहा. प्रदेश की भाजपा सरकार पर कहा प्रदेश में 18 साल से बीजेपी की सरकार है भ्रष्टाचार, लूट को जनता ने करीब से देखा है.
हम जो कहते हैं पूरा करते हैं
राहुल गांधी ने मंच से बड़ा एलान करते हुए कहा जो हम स्टेज से बोलते हैं उसे पूरा करते हैं. उन्होंने किसानों के लिए कहा कांग्रेस सरकार ने पहले भी किसानों की कर्ज माफी की है. अब फिर से प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर गेहूं का समर्थन मूल्य 2600 रुपए किया जाएगा जिसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 3 हजार तक किया जाएगा, किसानों का 2 लाख रुपये से कम कर्ज माफ होगा, घरेलू गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगी.


