एजेंसी, भोपाल| लंबी उठापटक के बाद बुधवार को मध्य प्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष का औपचारिक ऐलान हो गया है। हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश भाजपा का नया अध्यक्ष चुन लिया गया है। वहीं हेमंत खंडेलवाल ने अध्यक्ष पद ग्रहण करते ही कांग्रेस को चुनौती दे डाली है। उन्होंने कहा कि, जैसा चुनाव बीजेपी ने प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए कराया है, वैसा चुनाव कांग्रेस पार्षद चयन करने में ही करके दिखा दे। राजधानी भोपाल में स्थित बीजेपी कार्यालय में भाजपा के नए प्रदेश अद्यक्ष का पदभार ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हेमंत खंडेलवाल ने औपचारिक रूप से भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के बाद हेमंत खंडेलवाल ने संबोधन किया। इस दौरान उन्होंने कहा- मुझे पद नहीं दायित्व सौंपा गया है।
अटल बिहारी से लेकर राजमाता के कामों का जिक्र
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनसंघ से लेकर अब तक 27 अध्यक्ष रह चुके हैं। कुशाभाऊ ठाकरे जी ने बीजेपी को दुनिया का सबसे बड़ा आर्दश संगठन बनाया। वहीं, उन्होंने अटलजी से लेकर राजमाता सभी पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के कामों का जिक्र किया। हेमंत ने कहा- भाजपा की बुलंदी को बरकरार रखने के साथ साथ औ आगे बढ़ाना है।
कांग्रेस को चुनौती
हेमंत खंडेलवाल ने कहा- मैं आम कार्यकर्ता हूं। बीजेपी क्षमता के हिसाब से पद और जिम्मेदारी सौंपती है। हम सबको मिलकर नया इतिहास गढ़ना है। वहीं हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस को चुनौती देते हुए कहा- जिस तरह से भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराया है, वैसे ही कांग्रेस पार्टी सिर्फ पार्षद का ही चयन करके दिखा दे।
पहले ही संबोधन में गिनाई प्राथमिकता
हेमंत खंडेलवाल ने अपने पहले संबोधन में अपनी प्राथमिकता गिनाई। उन्होंने कहा कि बीजेपी का झंडा हमेशा बुलंद रहे। हर कार्यकर्ता का सम्मान रहेगा, जो क्षमता कार्यकर्ता की होगी उसे वह कार्य मिलेगा। जनता की भावना के अनुरूप काम करें। हमे अनुशासन में रहना है, अनुशासन में रहने वालों का सम्मान होगा, जो पार्टी से दाए बाय होगा उसे दिक्कत आएगी।


