जयपुर| राजस्थान में आखिरकार बीजेपी की नई भजनलाल सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार कर दिया गया है. शनिवार को राजधानी जयपुर में राजभवन में हुए शपथ ग्रहण समारोह में 22 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई. इनमें 12 कैबिनेट, पांच राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार और पांच राज्यमंत्री बनाए गए हैं. अब भजनलाल कैबिनेट में कुल 25 सदस्य हो गए हैं. 22 मंत्रियों के अलावा एक सीएम भजनलाल और दो डिप्टी सीएम दीया कुमारी और प्रेमचंद बैरवा शामिल हैं. अभी भी मंत्रिमंडल में पांच स्थान रिक्त रखे गए हैं. राजस्थान विधानसभा में 200 सीटें हैं. नियमानुसार उनमें से 15 फीसदी यानी 30 मंत्री बनाए जा सकते हैं. मंत्रिमंडल के गठन में जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को पूरी तरह से साधा गया है. वहीं इस शपथग्रहण में बीजेपी ने एक बार फिर से चौंकाते हुए सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है. टीटी अभी चुनाव लड़े नहीं हैं.
,
श्रीकरणपुर में पांच जनवरी को होंगे चुनाव
वे श्रीगंगानगर जिले की श्रीकरणपुर विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं. वहां के कांग्रेस प्रत्याशी का चुनाव से पहले निधन हो जाने के कारण मतदान टाल दिया गया था. वहां पांच जनवरी को वोट डाले जाएंगे. लेकिन बीजेपी ने उनको पहले ही मंत्री बनाकर करणपुर सीट को पक्का करने का प्रयास किया है. टीटी सिख समुदाय से आते हैं.
,
ये विधायक बनाए गए हैं कैबिनेट मंत्री : डॉ. किरोड़ीलाल मीणा सवाई माधोपुर, गजेन्द्र सिंह खींवसर लोहावट, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ झोटवाड़ा, बाबूलाल खराड़ी झाड़ोल, जोगाराम पटेल लूणी, मदन दिलावर रामंगज मंडी, सुरेश रावत पुष्कर, अविनाश गहलोत जैतारण, जोराराम कुमावत सुमरेपुर, हेमंत मीणा प्रतापगढ़, कन्हैयालाल चौधरी मालपुरा और सुमित गोदारा लूणकरणसर को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है.
,
ये बने हैं राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार
संजय शर्मा अलवर, गौतम कुमार दक बड़ी सादड़ी, सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी श्रीकरणपुर, झाबर सिंह खर्रा श्रीमाधोपुर और हीरालाल नागर सांगोद को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है। वहीं डॉ. मंजू बाघमार, सिरोही विधायक ओटाराम देवासी, नावां विधायक विजय चौधरी, गुढ़ामालानी विधायक केके विश्नोई और नगर विधायक जवाहर सिंह बेडम को राज्यमंत्री बनाया गया है.
बाघमार, चौधरी और बिश्नोई बने राज्यमंत्री
डॉ. मंजू बाघमार, विजय चौधरी, केके विश्नोई और जवाहर सिंह बेडम को राज्यमंत्री बनाया गया है . जवाहर सिंह गर्जुर समाज से आते हैं. वे पहली बार विधायक बने हैं. जवाहर सिंह ने भरतपुर के नगर विधानसभा सीट से जीत दर्ज कराई है.
झाबर सिंह खर्रा भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बने
भजनलाल कैबिनेट में बतौर राज्यमंत्री श्रीमाधोपुर विधायक झाबर सिंह खर्रा को भी शामिल किया गया है. उनके साथ ही ओटाराम देवासी और हीरालाल नागर को भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया है.
सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी बने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार
बीजेपी ने भजनलाल सरकार के कैबिनेट विस्तार में एक बार फिर से चौंकाते हुए सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया है. टीटी श्रीकरणपुर से बीजेपी के प्रत्याशी हैं. करणपुर में अभी चुनाव नहीं हुआ है. वहां पूर्व में कांग्रेस प्रत्याशी के निधन के कारण चुनाव टाल दिया गया था. वहां अब पांच जनवरी को मतदान होगा.
मीणा, चौधरी और गोदारा भी कैबिनेट मंत्री बने
विधायक हेमंत मीणा, कन्हैयालाल चौधरी और सुमित गोदारा ने भी बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ली है. उसके बाद संजय शर्मा ने स्वतंत्र प्रभार के मंत्री के रूप में शपथ ली. गौतम कुमार दक ने भी राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार की शपथ ली है.
रावत, गहलोत और कुमावत भी बने मंत्री
सुरेश रावत, अविनाश गहलोत, जोराराम कुमावत ने भी मंत्री पद की शपथ ले ली है. जोराराम कुमावत पाली जिले की सुमेरपुर से जीते हैं.
शपथ ग्रहण समारोह शुरू हुआ, ये बने कैबिनेट मंत्री
राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो चुका है. सबसे पहले डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली. उसके बाद गजेन्द्र सिंह खींवसर, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, बाबूलाल खराड़ी, जोगाराम पटेल और मदन दिलावर बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ले चुके हैं.
ये विधायक पहुंचे बीजेपी ऑफिस
विधायक झाबर सिंह खर्रा, हीरालाल नागर, कन्हैयालाल चौधरी, विजय सिंह चौधरी, महंत प्रतापपुरी, जवाहर सिंह बैडम, अर्जुनलाल गर्ग, अरुण चौधरी, जोगाराम पटेल, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, लालाराम मेघवाल, हरि सिंह रावत, वीरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह राठौड़, अविनाश गहलोत, प्रताप सिंह सिंघवी, डॉ. शैलेश सिंह, जबर सिंह सांखलाप, सुमित गोदारा और संजय शर्मा बीजेपी कार्यालय पहुंच गए हैं.
सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को भी बुलाया जयपुर
भजनलाल मंत्रिमंडल का अब से कुछ ही देर में विस्तार होने वाला है. ठीक सवा तीन बजे शपथ ग्रहण समारोह शुरू हो जाएगा. विधायकों का राजभवन पहुंचना शुरू हो गया है. इस बीच बड़ी खबर ये सामने आई कि श्रीकरणपुर से बीजेपी प्रत्याशी सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को भी जयपुर बुलाया गया है. इससे चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है.
जातीय समीकरणों पर किया गया है फोकस
राजस्थान के भजनलाल मंत्रिमंडल के विस्तार की कवायद के बीच माना जा रहा है कि इसमें जातीय समीकरणों का पूरा ध्यान रखा गया है. वहीं तारानगर से विधानसभा चुनाव हारे पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ को भी कोई अहम जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चाएं भी खासी गरमाई हुई हैं.
दीप्ती माहेश्वरी को भी गया फोन, जयपुर हुईं रवाना
मंत्रिमंडल के लिए जिन विधायकों को फोन किए जा रहे हैं उनमें दीप्ती माहेश्वरी का नाम भी जुड़ गया है. दीप्ती राजसमंद से दूसरी बाद विधायक चुनी गई हैं. बताया जा रहा है कि उनके पास जुणदा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान फोन आया था. उसके बाद वे वहां से तत्काल जयुपर के लिए रवाना हो गईं.
कुल 24 गाड़ियां पहुंची राजभवन
मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण से पहले नए मंत्रियों के लिए दो दर्जन गाड़ियों का काफिला राजभवन पहुंचा है. इनमें 2 या 3 रिजर्व बताई जा रही है. शेष गाड़ियां मंत्रियों के लिए है. इससे संभावना जताई जा रही है कि मंत्रियों की संख्या 21 या 22 हो सकती है.
राजभवन पहुंचा गाड़ियों का काफिला
राजभवन में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले नए बनने वाले मंत्रियों की गाड़ियों का काफिला राजभवन पहुंच चुका है. नए मंत्रियों के लिए स्टेट मोटर गैराज से नई गाड़ियां पहुंची हैं. शपथ लेने के बाद मंत्री इन्हीं गाड़ियों से जाएंगे.
राठौड़ ने किया अटकलों को खारिज
पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने खुद के मंत्री बनने की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि वे पराजित व्यक्ति हैं. मंत्री बनना उनका अधिकार नहीं है. उन्होंने कहा कि वे बीजेपी कार्यालय नए मंत्रियों को बधाई देने के लिए आए हैं. उन्होंने कहा कि भजनलाल सरकार का मंत्रिमंडल बेहद संतुलित होगा.
विधायक कर रहे हैं सीएम भजनलाल से मुलाकात
शपथ ग्रहण समारोह से पहले विधायकों का सीएम भजनलाल से मुलाकात करने का सिलसिला चल रहा है. विधायक जवाहर सिंह बेढ़म और जोगाराम पटेल मुख्यमंत्री भजनलाल से मुलाकात के लिए ओटीएस पहुंचे हैं. वहीं इससे पहले विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से की मुलाकात थी. वे ओटीएस से रवाना हो चुके हैं.


