एजेंसी, जकार्ता। इंडोनेशिया हेलीकॉप्टर क्रैश : इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप पर एक हृदयविदारक विमान दुर्घटना में आठ लोगों की जान चली गई है। अधिकारियों द्वारा शुक्रवार को दी गई जानकारी के अनुसार, एक निजी हेलीकॉप्टर बागानों के ऊपर से उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी या अन्य कारणों से क्रैश हो गया। इस हादसे में सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
संपर्क टूटने के बाद घने जंगल में मिला मलबा
इंडोनेशियाई अधिकारियों ने बताया कि पीटी मैथ्यू एयर नुसंतारा कंपनी का ‘एयरबस एच130’ विमान वीरवार को पश्चिम कालीमंतन प्रांत के मेलावी जिले से रवाना हुआ था। उड़ान भरने के मात्र पांच मिनट बाद ही इस हेलीकॉप्टर का रडार से संपर्क टूट गया। यह विमान कुबु राया जिले में स्थित ताड़ के तेल के एक बड़े बागान की ओर जा रहा था। जब काफी देर तक संपर्क नहीं हो सका, तो राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी ने बड़े पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया।
दो चालक दल और छह यात्रियों के शव बरामद
परिवहन मंत्रालय के अनुसार, बचाव दल को लंबी खोज के बाद सेकाडाऊ जिले के बेहद घने जंगलों में हेलीकॉप्टर का मलबा बिखरा हुआ मिला। खोजकर्ताओं ने मौके से दो चालक दल के सदस्यों और छह यात्रियों के शव बरामद किए हैं। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि मृतकों में एक मलेशिया का नागरिक भी शामिल है। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है और मलबे को कब्जे में लेकर तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़े : सुप्रीम कोर्ट से पवन खेड़ा को बड़ा झटका : हाईकोर्ट द्वारा दी गई जमानत पर शीर्ष अदालत ने लगाई रोक
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


