एजेंसी, मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों कानूनी और आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। तिहाड़ जेल में सरेंडर के बाद जब उन्होंने भावुक होकर खुद को अकेला और आर्थिक रूप से कमजोर बताया, तो फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मच गई। अब खबर है कि इंडस्ट्री के कई बड़े सितारे उनकी मदद के लिए आगे आए हैं और उन्हें इस मुश्किल दौर से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। सबसे पहले जानते हैं कि आखिर राजपाल यादल को जेल क्यों जाना पड़ा।
किस वजह से गए जेल?
राजपाल यादव पर करीब 9 करोड़ रुपये की देनदारी का मामला चल रहा है, जिसकी वजह से उन्हें जेल जाना पड़ा। यह कर्ज उन्होंने साल 2010 में अपनी प्रोडक्शन कंपनी के जरिए एक फिल्म बनाने के लिए लिया था। फिल्म उम्मीद के मुताबिक नहीं चली और धीरे-धीरे कर्ज और ब्याज का बोझ बढ़ता गया। चेक बाउंस के कई मामलों के बाद अदालत ने सख्त रुख अपनाया और उन्हें सजा भुगतनी पड़ी।
बॉलीवुड से कई दिग्गज अब आए सामने
लेकिन जैसे ही उनके आत्मसमर्पण की खबर सामने आई, बॉलीवुड के कई दिग्गज कलाकार उनके समर्थन में खड़े हो गए। राजपाल यादव के मैनेजर गोल्डी ने ‘स्क्रीन’ से बातचीत में बताया कि सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन समेत कई बड़े नामों ने आर्थिक मदद की पेशकश की है। उनके मुताबिक, ये समर्थन सिर्फ सहानुभूति नहीं बल्कि ठोस आर्थिक सहयोग के रूप में सामने आ रहा है।
ये भी पढ़े : मणिपुर के उखरुल में कर्फ्यू लागू ,पांच दिन के लिए इंटरनेट बंद : उपद्रवियों ने 25 घर और चार सरकारी क्वार्टर फूंके
सोनू सूद ने सबसे पहले लगाई गुहार
धवन परिवार से भी सहयोग की बात सामने आई है। निर्देशक डेविड धवन और अभिनेता वरुण धवन ने संपर्क कर सहायता का भरोसा दिलाया है। वहीं सोनू सूद, जो पहले भी जरूरतमंदों की मदद के लिए जाने जाते हैं, उन्होंने भी समर्थन जताया है। संगीत जगत और राजनीति से जुड़े कुछ नाम भी इस मुहिम का हिस्सा बने हैं।
म्यूजिक प्रोड्यूसर भी मदद के लिए आगे आए
संगीतकार राव इंदरजीत सिंह यादव ने बड़ी राशि देने का ऐलान किया है। इसके अलावा कुछ अन्य कलाकारों और सार्वजनिक हस्तियों ने भी लाखों रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। इस पहल को सोशल मीडिया पर ‘बॉलीवुड रेस्क्यू’ नाम दिया जा रहा है, जिसमें इंडस्ट्री एकजुट होकर अपने साथी कलाकार के लिए खड़ी नजर आ रही है।
राजपाल यादव की बेल याचिका दायर
राजपाल यादव की बेल याचिका दायर की जा चुकी है और आज इस पर सुनवाई होनी है। उनके मैनेजर ने उम्मीद जताई है कि अदालत से राहत मिल सकती है और वो जल्द ही बाहर आ सकते हैं। हालांकि अंतिम फैसला कोर्ट के हाथ में है, लेकिन इंडस्ट्री का यह समर्थन उनके लिए मनोबल बढ़ाने वाला जरूर है। राजपाल यादव का सफर आसान नहीं रहा। छोटे कद और अलग अंदाज के बावजूद उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग से बॉलीवुड में अलग पहचान बनाई। लेकिन यह घटना दिखाती है कि ग्लैमर की दुनिया के पीछे कितनी अनिश्चितताएं छिपी होती हैं। आज पूरा फिल्म जगत इस इंतजार में है कि क्या अदालत से उन्हें राहत मिलेगी। अगर बेल मंजूर होती है तो यह सिर्फ कानूनी राहत नहीं, बल्कि इंडस्ट्री की एकजुटता की भी जीत मानी जाएगी।


