एजेंसी, बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सम्मान समारोह के दौरान स्टेडियम के गेट पर हुई भगदड़ में 7 लोगों के हताहत होने की आशंका है। बुधवार को यहां एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित सम्मान समारोह में अपनी विजयी टीम और प्रतिष्ठित आईपीएल ट्रॉफी की एक झलक पाने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंच रहे थे, इस दौरान अपराह्न तक समारोह स्थल के बाहर अत्यधिक भीड़ एकत्र हो गई थी। इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आरसीबी खिलाड़ियों को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल थावर चंद गहलौत और उप-मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद रहे। पुलिस सूत्रों के अनुसार अत्यधिक भीड़ होने के कारण स्थिति तब नियंत्रण से बाहर हुई। जब बढ़ती भीड़ के बावजूद स्टेडियम के गेट बंद रहे, जिससे एक प्रवेश द्वार के पास भगदड़ हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भगदड़ के दौरान कई लोग गिर गए और कुचले गए। बहुत अधिक भीड़ होने के कारण स्टेडियम के अंदर और आसपास वाहनों की आवाजाही रुक गई। इस दौरान मेट्रो स्टेशन और आस-पास की सड़कें समर्थकों की भीड़ से पट गईं। यातायात पुलिस को बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बहाल करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। भगदड़ में घायल हुए लोगों को शिवाजीनगर के बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि कई पीड़ितों का इलाज चल रहा है, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त बी दयानंद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी स्थिति का आकलन करने के लिए घटनास्थल पहुंच गए हैं। इस बीच स्टेडियम में आरसीबी टीम के निर्धारित कार्यक्रम को अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है।
आईपीएल 2025 विजेता आरसीबी का बेंगलुरु में जोरदार स्वागत, सड़कों पर उतरे हजारों फैंस
एजेंसी, बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बुधवार दोपहर जब यहां पहुंची तो हवाई अड्डे के बाहर बड़ी संख्या में खड़े प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली टीम का राज्य के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने हवाई अड्डे पर स्वागत किया। विधानसभा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कार्यालय के रास्ते में सड़क के दोनों ओर एकत्रित प्रशंसकों ने चैंपियन टीम का उत्साह बढ़ाया। आरसीबी ने मंगलवार को अहमदाबाद में आईपीएल फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर 18 साल में अपना पहला खिताब जीता था। यह टीम के करिश्माई बल्लेबाज विराट कोहली के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है। कोहली लीग की शुरुआत से केवल इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद आरसीबी के खिलाड़ी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रशंसकों से मुखातिब होंगे। बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस के एक्स पर जारी बयान के अनुसार विधान सौधा से स्टेडियम तक बहुप्रतीक्षित खुली छत वाली बस परेड यातायात संबंधी परेशानियों के कारण नहीं हो सकती है। शहर में बारिश के मौसम ने भी अधिकारियों को ऐसा निर्णय लेने के लिए मजबूर किया होगा। इसके साथ ही आरसीबी की जीत के बाद कल रात भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री अगर विशेष अनुमति देते हैं तो अब भी परेड हो सकती हैं, क्योंकि खुली बस उनके कार्यालय के पास खड़ी है।


