बेंगलुरु/नयी दिल्ली. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के जश्न में भाग लेने के लिए बुधवार को यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास बड़ी संख्या में क्रिकेटप्रेमियों के जुटने के बाद मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गयी, जबकि 33 घायल हो गये. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने बताया कि भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गयी तथा 33 घायल हो गये. घायलों को शिवाजीनगर के बॉरिंग एवं लेडी कर्जन अस्पताल तथा स्थानीय वैदेही सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पहले, वैदेही सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के एक अधिकारी ने बताया था, ”कुल सोलह लोगों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से चार मृत थे. जान गंवाने वालों में तीन पुरुष और एक महिला है. उनकी उम्र 20-30 वर्ष के बीच है….. शेष 12 घायलों की हालत स्थिर है.” उन्होंने बताया कि मौत का कारण दम घुटना हो सकता है. वैसे, कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) द्वारा आरसीबी टीम के लिए स्टेडियम में आयोजित विशेष सम्मान समारोह से पहले पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने और स्थिति पर काबू पाने के लिए के लिए हल्का बल प्रयोग किया. प्रत्यक्षर्दिशयों के अनुसार, प्रशंसक सम्मान समारोह स्थल पर उमड़ पड़े.
सामने आये वीडियो/तस्वीरों में पुलिस घायलों और बेहोश हुए लोगों को एंबुलेंस से पास के अस्पतालों में ले जाती दिख रही है. इन वीडियो/तस्वीरों में कुछ ऐसे लोग नजर आ रहे हैं जो बेहोशी की हालत में थे और आसपास के लोगों द्वारा उन्हें ‘कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर)’ दिया जा रहा था. पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, क्योंकि एक ही समय पर बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम में घुसने की कोशिश कर रहे थे. बेंगलुरु पुलिस ने यातायात के बारे में सलाह (परामर्श) दी थी कि चिन्नास्वामी स्टेडियम में केवल वैध टिकट और पास-धारक लोगों को ही प्रवेश की अनुमति होगी. पुलिस ने इस परामर्श में कहा था, ”चूंकि चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास सीमित पार्किंग सुविधा उपलब्ध है, इसलिए कार्यक्रम में भाग लेने वालों को सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो का उपयोग करने की सलाह दी जाती है. जनता से सहयोग करने का अनुरोध किया जाता है.”
बेहद हृदयविदारक घटना : बेंगलुरु में भगदड़ पर प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को बेंगलुरू में हुई भगदड़ की घटना को “बेहद हृदय विदारक” बताया. मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “बेंगलुरु में हुई दुर्घटना बहुत ही हृदयविदारक है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं.” रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी भगदड़ में जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया.
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने हादसे पर जताया दुख
कर्नाटक के सीएम सिद्धारमैया ने ट्वीट किया, “बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी टीम के जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ में कई लोगों की जान जाने और कई के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सुनकर हमें गहरा सदमा लगा है. इस त्रासदी के दर्द ने जीत की खुशी को भी खत्म कर दिया है. मृतकों की आत्मा को शांति मिले और घायलों और अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों को जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं. मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है. ऐसी भगदड़ और भीड़ के बेकाबू होने के कारण अप्रिय घटना की आशंका के चलते टीम को विजय परेड में मार्च करने की अनुमति नहीं दी गई थी. हालांकि, स्टेडियम के पास लोगों की भीड़ के कारण मची भगदड़ के कारण यह दुर्घटना हुई. मैं जनता से अपील करता हूं कि वे समझें कि प्यार और स्नेह से ज्यादा महत्वपूर्ण जीवन है और सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दें.”
घायलों से मिले डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार
कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भगदड़ को लेकर कहा, “मैंने पुलिस कमिश्नर और सभी से बात की है. मैं बाद में अस्पताल भी जाऊंगा। मैं उन डॉक्टरों को परेशान नहीं करना चाहता जो मरीजों की देखभाल कर रहे हैं. अभी सटीक संख्या नहीं बताई जा सकती. हम लोगों से शांत रहने की अपील करते हैं. हमने कार्यक्रम को छोटा कर दिया. कार्यक्रम 10 मिनट में ही खत्म हो गया। हम सब कुछ सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं. लाखों लोग आए.” भगदड़ पर भाजपा के आरोपों पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा, “वे आरोप लगाने के लिए वहां हैं और हम सुरक्षा के लिए वहां हैं…हां, मैं अस्पताल जा रहा हूं.”
भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना
कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र बेंगलुरू में भगदड़ में घायल हुए लोगों से मिलने बॉरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल पहुंचे. घायलों से मिलने के बाद उन्होंने कहा, आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ पर कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र कहते हैं, “राज्य सरकार को इस त्रासदी की पूरी जिम्मेदारी लेनी चाहिए. जब पूरा देश और कर्नाटक आरसीबी की जीत का जश्न मना रहा था, तब राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व तैयारी के विजय रैली निकालने की जल्दबाजी की, जिससे यह त्रासदी हुई. राज्य सरकार ने कभी पूर्व तैयारियों की परवाह नहीं की. उन्हें प्रचार में ज्यादा दिलचस्पी थी. इसका नतीजा यह हुआ कि 11 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई. कुछ लोग आईसीयू में हैं. मैंने कुछ पीड़ितों से बात की, अंदर कोई पुलिस नहीं थी, कोई एम्बुलेंस सुविधा नहीं थी. सीएम को मामले को न्यायिक जांच के लिए भेजना चाहिए.”
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भगदड़ को राज्य प्रायोजित हत्या करार दिया
बेंगलुरु भगदड़ पर भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा, “यह राज्य प्रायोजित आपराधिक लापरवाही और हत्या है. सिद्धारमैया, डीके शिवकुमार और गृह मंत्री जी परमेश्वर सीधे तौर पर इसके लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. एक तरफ लोग मर रहे हैं और आप बेशर्मी से जश्न मना रहे हैं. यह आपकी संवेदनशीलता है. कांग्रेस बहुत कुछ कहती है, लेकिन आज उसके पास कहने के लिए कुछ नहीं है?…बुनियादी व्यवस्था और पुलिस की तैनाती नहीं थी, इसके लिए कौन जिम्मेदार है? यह कांग्रेस सरकार है. इन 3 लोगों (मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और गृह मंत्री जी परमेश्वर) को इस्तीफा दे देना चाहिए.”
भगदड़ पर चश्मदीद ने क्या बताया
जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ पर महेश, जो खुद को चश्मदीद बताते हैं, कहते हैं, “विराट कोहली और आरसीबी टीम को देखने के लिए बहुत से लोग आए थे. बहुत सी लड़कियों ने गेट को धक्का देकर एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में घुसने की कोशिश की। मैंने तीन लड़कियों को गिरते देखा, किसी ने उन्हें नहीं बचाया.. पुलिस भी असहाय थी क्योंकि बहुत सारे लोग आए थे…”
बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला बोले- हादसे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए
बेंगलुरु में आरसीबी की जीत के जश्न के दौरान मची भगदड़ पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष और कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा, “ऐसा किसी भी राज्य में हो सकता है और इसके लिए सत्ताधारी पार्टी को दोष नहीं देना चाहिए. इसका राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। अगर ऐसा बीजेपी शासित राज्य में होता है तो हमें उन्हें दोष नहीं देना चाहिए. भीड़ बहुत ज्यादा थी, मैंने फ्रैंचाइज से बात की, उन्होंने भी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी भीड़ आएगी और यह घटना अचानक हुई. मृतकों के परिवारों को ज़्यादा से ज्यादा मदद देने की कोशिश की जा रही है.”
आईपीएल 2025 विजेता आरसीबी का बेंगलुरु में जोरदार स्वागत, सड़कों पर उतरे हजारों फैंस
एजेंसी, बेंगलुरु। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बुधवार दोपहर जब यहां पहुंची तो हवाई अड्डे के बाहर बड़ी संख्या में खड़े प्रशंसकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। रजत पाटीदार के नेतृत्व वाली टीम का राज्य के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने हवाई अड्डे पर स्वागत किया। विधानसभा में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के कार्यालय के रास्ते में सड़क के दोनों ओर एकत्रित प्रशंसकों ने चैंपियन टीम का उत्साह बढ़ाया। आरसीबी ने मंगलवार को अहमदाबाद में आईपीएल फाइनल में पंजाब किंग्स को छह रन से हराकर 18 साल में अपना पहला खिताब जीता था। यह टीम के करिश्माई बल्लेबाज विराट कोहली के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है। कोहली लीग की शुरुआत से केवल इसी फ्रेंचाइजी के लिए खेल रहे हैं। मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद आरसीबी के खिलाड़ी एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में प्रशंसकों से मुखातिब होंगे। बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस के एक्स पर जारी बयान के अनुसार विधान सौधा से स्टेडियम तक बहुप्रतीक्षित खुली छत वाली बस परेड यातायात संबंधी परेशानियों के कारण नहीं हो सकती है। शहर में बारिश के मौसम ने भी अधिकारियों को ऐसा निर्णय लेने के लिए मजबूर किया होगा। इसके साथ ही आरसीबी की जीत के बाद कल रात भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। मुख्यमंत्री अगर विशेष अनुमति देते हैं तो अब भी परेड हो सकती हैं, क्योंकि खुली बस उनके कार्यालय के पास खड़ी है।


