एजेंसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के दौरान फॉर्म जमा करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। चुनाव आयोग ने एसआईआर फॉर्म की आखिरी तारीख सात दिन बढ़ा दी है। अब लोग 11 दिसंबर तक फॉर्म जमा कर सकेंगे। जबकि पहले डेडलाइन 4 दिसंबर थी। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के खास संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी एसआईआर प्रक्रिया में लगे बीएलओ और अन्य कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों को बड़ी राहत मिली है। चुनाव आयोग ने राज्यों को नए निर्देश भेजते हुए बताया कि एसआईआर फॉर्म जमा करने की तारीख बढ़ा दी गई है। पहले इसकी आखिरी तिथि 4 दिसंबर थी। लेकिन अब लोग 11 दिसंबर तक फॉर्म दे सकेंगे। इससे उन लोगों को फायदा होगा जो किसी वजह से समय पर फॉर्म नहीं भर पाए थे।
आयोग ने उत्तर प्रदेश समेत 12 राज्यों के लिए लिया फैसला
आयोग ने यह फैसला यूपी सहित 12 राज्यों के लिए लिया है। यूपी में इस समय मतदाता सूची को अपडेट करने का काम तेजी से चल रहा है। राज्य में करीब 15.44 करोड़ मतदाताओं के गणना प्रपत्र डिजिटाइज्ड करने हैं। 29 नवंबर तक इनमें से लगभग 61% यानी 9.40 करोड़ से ज्यादा फॉर्म डिजिटाइज्ड किए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार हर दिन एक करोड़ से ज्यादा फॉर्म डिजिटाइज्ड हो रहे हैं। इस हिसाब से आने वाले पांच दिनों में करीब छह करोड़ फॉर्म और डिजिटाइज्ड करने होंगे।
सूची में नाम नहीं आता फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकेंगे
अगर किसी का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं आता है। तो भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। ड्राफ्ट सूची 16 दिसंबर को जारी की जाएगी। उसके बाद लोग सीधे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकेंगे। यानी नाम जोड़ने का मौका खत्म नहीं होगा। इस बीच प्रदेश में पांच बीएलओ की अलग-अलग वजहों से हुई मौत को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी भी तेज हो गई है। हालांकि चुनाव आयोग का कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया को समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए सभी प्रयास जारी हैं।


