बालेंद्र शाह बालेन

नेपाल के नए प्रधानमंत्री बने बालेंद्र शाह बालेन : पीएम मोदी ने दी बधाई और भारत नेपाल संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का जताया भरोसा

अंतर्राष्ट्रीय देश/प्रदेश नई दिल्ली नेपाल राष्ट्रीय

एजेंसी, काठमांडू। नेपाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है जहां युवाओं के भारी विरोध प्रदर्शनों के बाद अब बालेंद्र शाह ‘बालेन’ ने देश के नए और 47वें प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाल लिया है। केपी शर्मा ओली की सरकार गिरने के छह महीने बाद लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई नई सरकार का नेतृत्व करते हुए 35 वर्षीय बालेन ने शुक्रवार दोपहर 12 बजकर 34 मिनट के शुभ मुहूर्त में पद और गोपनीयता की शपथ ली। शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में आयोजित इस समारोह में उन्हें राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने प्रधानमंत्री नियुक्त किया।

बालेन नेपाल के इतिहास में इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा नेता बन गए हैं। साथ ही वह मधेश क्षेत्र से आने वाले पहले व्यक्ति हैं जिन्होंने कार्यपालिका की कमान संभाली है। पूर्व में रैपर रहे और अब राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के प्रमुख बालेन का सत्ता तक पहुंचने का सफर भ्रष्टाचार और भाई-भतीजावाद के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाले ‘जेन-जेड’ आंदोलन की देन है। शपथ ग्रहण समारोह बेहद खास रहा जिसमें हिंदू और बौद्ध धर्म की परंपराओं का संगम दिखा। इस दौरान ब्राह्मणों ने शंखनाद किया और बौद्ध लामाओं ने मंगल पाठ के साथ नए प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

ये भी पढ़े : उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की महातैयारी : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने क्षिप्रा नदी पर बन रहे आधुनिक घाटों का लिया जायजा, अफसरों को दिए खास निर्देश

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर बालेंद्र शाह को सोशल मीडिया के माध्यम से हार्दिक बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि बालेन की नियुक्ति नेपाल की जनता के उनके प्रति अटूट विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भारत और नेपाल के बीच की मित्रता और आपसी सहयोग के संबंध एक नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के साझा हितों के लिए बालेन के साथ मिलकर काम करने की उत्सुकता जाहिर की।

गौरतलब है कि बालेन की पार्टी ने हालिया आम चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों में से 182 पर जीत हासिल की है। काठमांडू के पूर्व महापौर रह चुके बालेन ने खुद झापा क्षेत्र से पूर्व प्रधानमंत्री ओली को बड़े अंतर से मात दी थी। जानकारों का मानना है कि बालेन जल्द ही 15 से 18 मंत्रियों के साथ अपने छोटे और प्रभावी मंत्रिमंडल का गठन करेंगे। नेपाल में इस नए राजनीतिक युग की शुरुआत से आम जनता में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply