वाशिंगटन। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पेंसिल्वेनिया के बटलर में शनिवार को एक चुनावी रैली कर रहे थे, इस दौरान अचानक से एक गोली की आवाज आई और वो ट्रंप के कान को छूते हुए निकल गई। इस बीच ट्रंप भी समझ गए थे कि उनके साथ अचानक क्या हुआ है। वह अपने कान को छूते है और उनका हाथ पूरा लहूलुहान हो चुका होता है। वहीं गोलीबारी करने वाले अज्ञात बंदूकधारी को अंगरक्षकों ने मार गिराया। यह घटना 13 जुलाई की शाम करीब सवा छह बजे हुयी। इस गोलीबारी में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गयी और दो गंभीर रूप से घायल हो गये। गुप्त सेवा ने कहा, “एक बंदूकधारी और कम से कम एक दर्शक की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।’’ सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में श्री ट्रंप के कान से खून बहता देखा जा सकता है।
एक शीर्ष सरकारी अधिकारी ने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा,“ हमने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूर्व राष्ट्रपति की हत्या के प्रयास की जांच की जा रही है।” बटलर काउंटी के जिला अटॉर्नी रिचर्ड गोल्डिंगर ने कहा,“ संदिग्ध बंदूकधारी को मार गिराया गया है।” सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता एंथनी गुग्लिल्मी ने एक बयान में कहा,“ पिट्सबर्ग से लगभग 30 मील उत्तर बटलर में शाम करीब सवा छह रैली स्थल से बाहर ऊंचे स्थान से अचानक गोलियां दागी गयीं। इस दौरान ट्रम्प ने अपना हाथ अपने दाहिने कान पर रखा लिया और पोडियम पर झुक गये। सीक्रेट सर्विस एजेंटों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया और मंच से नीचे ले गए। पूर्व राष्ट्रपति का चेहरा खून से लथपथ था।”
यह जानकर अच्छा लगा कि ट्रम्प सुरक्षित हैं: बाइडेन
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा है कि यह जानकर उन्हें बहुत अच्छा लगा कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गये और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। बाइडेन ने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म ‘एक्स’ पर शनिवार शाम को कहा कि उन्हें ट्रंप की रैली में हुई गोलीबारी के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने कहा, “मैं यह सुनकर खुश हूं कि वह सुरक्षित हैं और अच्छा कर रहे हैं। मैं उनके, उनके परिवार और रैली में शामिल सभी लोगों के लिए प्रार्थना कर रहा हूं।” उल्लेखनीय है कि ट्रंप पेंसिल्वेनिया के बटलर में चुनावी रैली के दौरान शनिवार शाम अज्ञात बंदूकधारी की गोलीबारी में घायल हो गए। अंगरक्षकों ने हमलावर को मार गिराया। कल शाम करीब सवा छह बजे हुयी इस गोलीबारी में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गयी और दो गंभीर रूप से घायल हो गये।
राष्ट्रपति जो बाइडेन, उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बिल क्लिंटन ने इस हमले की निंदा की है। ‘सीक्रेट सर्विस’ के प्रवक्ता एंथनी गुगेइल्मी ने एक बयान में कहा, अमेरिकी सीक्रेट सर्विस के कर्मियों ने हमलावर को मार गिराया। संघीय एजेंसी ने तत्काल सुरक्षात्मक उपाय किए, पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, “इस हमले से रैली में मौजूद एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। इस मामले की जांच जारी है। सीक्रेट सर्विस ने एफबीआई को सूचित कर दिया है।
नेतन्याहू ने ट्रंप पर हुए हमले पर चिंता व्यक्त की
इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले पर चिंता व्यक्त की। यह जानकारी वाशिंगटन पोस्ट ने दी। नेतन्याहू ने एक्स पर पोस्ट किया कि वह और उनकी पत्नी सारा पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प पर किए गए हमले से स्तब्ध हैं। उन्होंने लिखा, “हम उनकी सुरक्षा और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति पर हुए हमले की पीएम मोदी ने की निंदा, कहा- ट्रम्प पर हुए हमले से बेहद चिंतित हूं
वाशिंगट/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पर चुनावी रैली के दौरान हुए जानलेवा हमले की रविवार को कड़ी निंदा करते हुए गहरी चिंता जतायी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर आज यहां कहा,“ मेरे मित्र, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से बेहद चिंतित हूं। घटना की कड़ी निंदा करता हूं। राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवार, घायलों और अमेरिकी लोगों के साथ हैं।”
ऐसे कृत्यों की कड़ी से कड़ी निंदा की जानी चाहिए : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश किये जाने पर रविवार को गहरी चिंता जतायी और कहा कि ऐसे कृत्यों की कड़ी से कड़ी निंदा की जानी चाहिए। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की हत्या की कोशिश किये जाने से काफी चिंतित हूं। ऐसे कृत्यों की कड़ी से कड़ी निंदा की जानी चाहिए।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने ट्रंप के शीघ्र एवं पूर्ण रूप से स्वस्थ होने की कामना भी की।
डोनाल्ड ट्रंप के मंच संभालने के कुछ मिनटों बाद ही गोलियों से गूंज उठा मैदान
बटलर (अमेरिका)। ‘गॉड ब्लेस द यूएसए’ के नारों के बीच शनिवार शाम छह बजकर दो मिनट पर अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक मैदान में भीड़ का अभिवादन करते हुए मंच संभाला और कड़ी धूप के बीच अपना भाषण शुरू ही किया था कि कुछ मिनटों बाद गोलियां चलने की आवाज सुनाई देने लगी। ट्रंप रैली में अवैध सीमा पार के मामलों में वृद्धि के बारे में राष्ट्रपति जो बाइडेन के खिलाफ बोल रहे थे तभी कम से कम पांच गोलियां चलने की आवाज सुनायी दी। जैसे ही सीक्रेट सर्विस के एजेंट उनकी ओर बढ़े तो ट्रंप ने अपना कान पकड़ लिया। एजेंटों के चिल्लाने पर वह जमीन पर बैठ गए। कुछ मिनटों बाद ट्रंप खड़े हुए, सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उन्हें घेर लिया था। उन्होंने ट्रंप के कान से खून बहने पर उन्हें मंच से बायीं ओर ले जाने की कोशिश की। ट्रंप ने कहा, ‘रुको, रुको, रुको।’ इसके बाद उन्होंने भीड़ की ओर मुठ्ठी दिखायी और ‘फाइट’ (लड़ो) शब्द बोलते सुनाई दिए। इसके बाद एजेंट उन्हें सीढ़ियों से नीचे काले रंग की एक एसयूवी में ले गए। ट्रंप ने कार में बैठने से पहले भी मुठ्ठी बांध पर हाथ हवा में लहराया। स्थानीय डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी ने कहा कि हमलावर और रैली में आए एक व्यक्ति की मौत हो गयी है। हमले के तुरंत बाद जारी एक बयान में अधिकारियों ने कहा कि यह स्पष्ट रूप से हत्या का प्रयास था। ट्रंप के प्रचार अभियान दल ने बताया कि वह ‘ठीक’ हैं। बटलर पश्चिमी पेनसिल्वेनिया के पिट्टसबर्ग में 33 मील उत्तर में स्थित 13,000 लोगों की आबादी वाला शहर है।
भारतीय मूल के अमेरिकियों ने कहा- डोनाल्ड ट्रंप पर हमला अमेरिकी लोकतंत्र के इतिहास का एक ‘काला अध्याय’
शिकागो। भारतीय मूल के अमेरिकियों ने रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले की निंदा करते हुए इसे अमेरिकी लोकतंत्र के इतिहास का एक ‘काला अध्याय’ करार दिया। पेनसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप (78) पर एक संदिग्ध व्यक्ति ने गोली चलाई, जो उनके दाहिने कान के ऊपरी हिस्से में लगी।भारतीय-अमेरिकी समुदाय के प्रख्यात नेता डॉ. भरत बरई ने कहा, ‘‘हमें पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर हुए हमले की जानकारी मिली। यह बहुत दुखद है और लोकतंत्र में इस तरह की हिंसा की उम्मीद नहीं की जाती।” बरई ने कहा, ”लोगों के विचार अलग-अलग होते हैं, उनके राजनीतिक और आर्थिक विचार भी अलग-अलग होते हैं। उन्हें अपने विचारों को मतदान के जरिए व्यक्त करना चाहिए।” ‘सिख अमेरिकन्स फॉर ट्रंप’ के अध्यक्ष जसदीप सिंह जस्सी ने कहा, ”यह अमेरिका के लोकतंत्र में एक काला अध्या य है।” उन्होंने कहा, ”हम उनकी सुरक्षा और स्वस्थ होने की कामना करते हैं। हम इस कृत्य की निंदा करते हैं और अमेरिका से राष्ट्रपति ट्रंप के समर्थन में एकजुट होने की अपील करते हैं। वाहेगुरु जी ट्रंप और अमेरिका की रक्षा करें।” डेमोक्रेटिक पार्टी के उप राष्ट्रीय वित्त प्रमुख एवं राष्ट्रपति जो बाइडेन के प्रबल समर्थक अजय भूटोरिया ने कहा, ”हमले के सभी पहलुओं और विवरणों की गहन जांच की जानी चाहिए। क्या इस हमले के पीछे किसी विदेशी संगठन का हाथ है, जिसका मकसद अलग-अलग राजनीतिक विचार रखने वाले अमेरिकियों के बीच मतभेद और विभाजन पैदा करना है, ताकि हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा पहुंचाया जा सके।” न्यूयॉर्क स्थित रियल एस्टेट निवेशक और ट्रंप के परिवार के मित्र अल मेसन ने कहा, ‘‘रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप पर हुआ हमला उन्हें फिर से राष्ट्रपति बनने से नहीं रोक सकता।
नाम थॉमस मैथ्यू क्रुक्स, उम्र 20 साल…डोनाल्ड ट्रंप पर गोली चलाने वाले शूटर की हो गई पहचान!

वाशिंगटन। अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर शनिवार शाम हुए प्राणघातक हमले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय मीडिया ने रविवार तड़के बताया कि एफबीआई ने हमलावर की पहचान पेंसिल्वेनिया थॉमस मैथ्यू क्रुक्स (20) के रूप की है और इस मामले की जांच शुरू कर दी है। ‘एनबीसी’ और ‘सीबीएस’ ने एफबीआई की ओर से जारी एक बयान के हवाले से कहा, एफबीआई ने पेंसिल्वेनिया के बटलर में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चुनावी रैली के दौरान हमला करके उन्हें घायल करने वाले शक्स की पहचान पेंसिल्वेनिया के बेथेल पार्क के 20 वर्षीय थॉमस मैथ्यू क्रुक्स के रूप में की है। घटना के तुरंत बाद चौकस सुरक्षाकर्मियों ने हमलावार को मार गिराया। इसके लिए ट्रंप ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों और सतर्क सुरक्षा अधिकारियों को धन्यवाद भी दिया था। इस हमले में ट्रंप को दाहिने कान में गोली लगी और वह बाल-बाल बच गये। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुयी है और टेक्सास के रिपब्लिकन सांसद रोनी जैक्सन के भतीजा समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। जैक्सन ने ‘फॉक्स न्यूज’ के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि उनके भतीजे की ‘गर्दन’ में चोट लगी थी। एक गोली उसकी गर्दन को पार कर गई जिससे उसकी गर्दन से खून बह रहा था। सांसद ने इस घटना को ‘भयानक अनुभव’ करार दिया। सीक्रेट सर्विस ने एक बयान में कहा, शूटर मारा गया। रैली में भाग लेने वाला एक व्यक्ति मारा गया और दो अन्य दर्शक घायल हो गए। इस घटना की हत्या के प्रयास के रूप में जांच की जा रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत विश्वभर की महत्पूर्ण हस्तियों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।


