एजेंसी, गयाजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में घुसपैठियों की बढ़ती हुई संख्या पर चिंता व्यक्त की और कांग्रेस तथा राष्ट्रीय जनता दल ( राजद) जैसी पार्टियों पर घुसपैठियों के जरिए बिहार की जनता का हक छीनने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि घुसपैठियों को हर हाल में देश से बाहर किया जाएगा। बिहार के गयाजी में शुक्रवार को विभिन्न योजनाओं का शुभारंभ करने के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस तथा राजद अपने वोट बैंक के लिए घुसपैठियों का इस्तेमाल कर रहे हैं और उन्हें संरक्षण भी दे रहे है। कांग्रेस और राजद को देश के अंदर बैठा घुसपैठिया बताते हुए उन्होंने लोगों से ऐसे दलों से सतर्क और सावधान रहने को कहा। पीएम मोदी ने कहा कि घुसपैठियों को देश से बाहर करने के लिए डेमोग्राफी मिशन बनाया गया है जो बहुत जल्द इस दिशा में अपना काम प्रारंभ करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि घुसपैठियों की बढ़ती हुई संख्या देश के लिए एक चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार के सीमावर्ती जिलों की डेमोग्राफी में इसकी वजह से तेजी से बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ( राजग) की सरकार ने यह तय किया है कि देश का भविष्य घुसपैठियों को नहीं तय करने दिया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार और देश के नागरिकों के हक, रोजगार और उनके अधिकारों पर घुसपैठियों को डाका डालने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डेमोग्राफी मिशन इस दिशा में बहुत जल्द तेजी से काम करेगा और किसी भी कीमत पर स्थानीय नागरिकों के हक और जमीन को छीनने नहीं दिया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में घुसपैठियों की बढ़ती हुई संख्या पर चिंता व्यक्त किया और कांग्रेस तथा राष्ट्रीय जनता दल ( राजद) जैसी पार्टियों पर घुसपैठियों के जरिए बिहार की जनता का हक छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि घुसपैठियों को हर हाल में देश से बाहर किया जाएगा। देश के बाहर के घुसपैठियों से सावधान रहने के साथ-साथ राजद और कांग्रेस जैसी अंदरुनी घुसपैठियों से सतर्क रहने का लोगों से आह्वान करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस राजद जैसे दल बिहार के लोगों का घुसपैठियों के जरिए हक छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि वोट बैंक के लिए ये दल किसी भी स्तर तक जा सकते हैं इसलिए बिहार के लोगों को ऐसे दलों से सतर्क रहने की आवश्यकता है। मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों का सपना साकार हो और राज्य को नई उड़ान मिल सके इसके लिए उनकी सरकार बिहार की नीतीश कुमार की सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है। वर्तमान समय को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि इस समय लोगों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है ताकि बिहार के विकास की गति बनी रहे।
प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार को दी बड़ी सौगात, गयाजी में 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का किया शुभारंभ
गयाजी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने एक दिवसीय बिहार दौरे पर बिहार के गयाजी से 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। यह दौरा ऐसे समय हो रहा है जब राज्य विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हैं। प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल गयाजी से औंटा–सिमरिया छह लेन पुल के अलावा गयाजी से दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली से कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन, 1,900 करोड़ रुपये की लागत से बने बख्तियारपुर–मोकामा एनएच-31 के चार लेन वाले खंड, बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली बिक्रमगंज–दाउद–नवीनगर–दुमरांव एनएच-120 खंड का उन्नयन,6,880 करोड़ रुपये की लागत से बने बक्सर थर्मल पावर प्लांट (660×1 मेगावाट), मुज़फ़्फ़रपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र, ‘नमामि गंगे’ कार्यक्रम के तहत मुंगेर में 520 करोड़ रुपये की लागत से बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवरेज नेटवर्क, का उद्घाटन किया। इसके अलावा इस दौरान 1,260 करोड़ रुपये की शहरी अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें औरंगाबाद, बोधगया, जहानाबाद, लखीसराय और जमुई में एसटीपी, सीवरेज नेटवर्क तथा पेयजल आपूर्ति परियोजनाएँ शामिल हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 12,000 लाभुकों और पीएमएवाई-शहरी के तहत 4,260 लाभुकों के ‘गृह प्रवेश’ समारोह में भी श्री मोदी ने प्रतीकात्मक रूप से कुछ लाभार्थियों को चाबी सौंपी। गया से दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली से कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन के परिचालन से यात्री सुविधा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। 1,900 करोड़ रुपये की लागत से बने बख्तियारपुर–मोकामा एनएच-31 के चार लेन वाले खंड तथा बिहार के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली बिक्रमगंज–दाउद–नवीनगर–दुमराँव एनएच-120 खंड का उन्नयन से भी व्यापार और आवागमन में आसानी होगी। 6,880 करोड़ रुपये की लागत से बने बक्सर थर्मल पावर प्लांट (660×1 मेगावाट) का उद्घाटन करेंगे। यह संयंत्र बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाएगा और ऊर्जा सुरक्षा को मज़बूती देगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मुज़फ़्फ़रपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल और अनुसंधान केंद्र बिहार और आसपास के राज्यों के कैंसर रोगियों को किफ़ायती इलाज उपलब्ध कराएगा और उन्हें महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। मुंगेर में 520 करोड़ रुपये की लागत से बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवरेज नेटवर्क बनने से गंगा में प्रदूषण कम होगा और स्वच्छता में सुधार आयेगा। प्रधानमंत्री का यह दौरा अवसंरचना, स्वास्थ्य, ऊर्जा, आवास और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाएँ खोलेगा।


