प. बंगाल पंचायत चुनाव में हिंसा, 12 की हत्या, दर्जनों घायल, कूच बिहार में युवक बैलेट बॉक्स लेकर भागा

पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय राष्ट्रीय

मुर्शिदाबाद/कूचबिहार : पश्चिम बंगाल में शनिवार सुबह सात बजे से पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं। राज्‍य की 73,887 ग्राम पंचायत सीटों में से 64,874 पर वोटिंग हो रही है। केंद्रीय बलों की तैनाती के बाद भी मतदान शुरू होने के साथ ही हिंसा का तांडव शुरू हो गया है। विभिन्न मतदान केंद्रों पर मारपीट, हिंसा और आगजनी की खबर आ रही हैं। पिछले 24 घंटे में चुनावी हिंसा में 12 लोगों की हत्‍या हो गई है, जबकि दर्जनों घायल हो गए हैं। कूच बिहार के माथभंगा-1 ब्लॉक के हजराहाट गांव में एक युवक बैलेट बॉक्स लेकर भाग गया। मुर्शिदाबाद और कूचबिहार में सबसे ज्यादा हिंसा हुई। कई जगहों से फायरिंग, आगजनी, टकराव और बूथ कैप्चरिंग की खबर भी सामने आई हैं। मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में कांग्रेस और तृणमूल के बीच झड़प में सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता बाबर अली की मौत हो गई। गोली लगने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती है।

साउथ 24 परगना के भांगड़ ब्लॉक के जमीरगाछी में इंडियन सेक्यूलर फ्रंट (आईएसएफ) और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। यहां गांव के लोगों ने बताया कि टीएमसी के लोग थैले में भरकर बम लाए थे। टीएमसी कार्यकर्ता गांव के लोगों के डराकर वोट डलवा रहे थे। उन्होंने इतने बम फेंके कि 2 घंटे तक पोलिंग रुकी रही। कुछ बम मीडियो वालों की तरफ भी फेंके। फिलहाल यहां सेंट्रल फोर्स तैनात किया गया है। पिछले 24 घंटों में चुनावी हिंसा में छह जिलों में 12 लोगों के मरने की खबर है। मरने वालों में छह टीएमसी कार्यकर्ता, एक कांग्रेस कार्यकर्ता, एक सीपीआई (एम) कार्यकर्ता, एक भाजपा कार्यकर्ता, एक आईएसएफ कार्यकर्ता, एक निर्दलीय उम्मीदवार का पोलिंग एजेंट और एक अन्‍य व्‍यक्ति शामिल है। 9 जून से अब तक हिंसक घटनाओं में मरने वालों की संख्या 28 हो चुकी है।

Leave a Reply