बालासोर| पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज शनिवार को ओडिशा के बालासोर में ट्रेन दुर्घटनास्थल पहुंचीं. उन्होंने कहा-यह इस सदी का सबसे बड़ा रेल हादसा है, मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. बता दें कि बालासोर जिले में कोरोमंडल एक्सप्रेस, बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस और एक मालगाड़ी की दुर्घटना के बाद बचाव कार्य चल रहा है. अधिकारियों के अनुसार, कम से कम 261 लोग मारे गए और 900 से अधिक अन्य घायल हो गए. अभी मृतकों की संख्या बढ़ने का अनुमान है.
बालासोर ट्रेन दुर्घटना स्थल पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और पूर्व रेल मंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “कोरोमंडल सबसे अच्छी एक्सप्रेस ट्रेनों में से एक है। मैं तीन बार रेल मंत्री रही. मैंने जो देखा, यह 21वीं सदी की सबसे बड़ी रेल दुर्घटना है.” इस तरह के मामले रेलवे के सुरक्षा आयोग को सौंपे जाते हैं और वे जांच करते हैं और एक रिपोर्ट देते हैं. जहां तक मुझे पता है, ट्रेन में कोई टक्कर-रोधी उपकरण नहीं था. अगर डिवाइस ट्रेन में होता, तो ऐसा नहीं होता …मृतकों को वापस नहीं लाया जा सकता है, लेकिन अब हमारा काम बचाव अभियान और सामान्य स्थिति की बहाली है. ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम कोरोमंडल एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के पटरी से उतरने और एक मालगाड़ी से टकराने से जुड़े रेल हादसे में मृतक संख्या शनिवार को बढ़कर 261 हो गई. इस हादसे में 900 से अधिक यात्री घायल भी हुए हैं.
ओडिशा के बालासोर जिले में बाहानगा बाजार स्टेशन के पास हुए भीषण ट्रेन हादसे के प्रभावित यात्रियों को लेकर दो ट्रेन शनिवार को पश्चिम बंगाल के हावड़ा पहुंचेंगी. दक्षिण-पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि बालासोर से हावड़ा आ रही एक ट्रेन में लगभग 1,000, जबकि दूसरी ट्रेन में करीब 200 यात्री सवार हैं. खड़गपुर और हावड़ा रेलवे स्टेशन पर इन यात्रियों को भोजन और पानी के साथ अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.


