चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम इंडिया का ऐलान, यशस्वी-शमी की एंट्री, शुभमन गिल बने उप कप्तान

क्रिकेट खेल नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

मुंबई। आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने टीम की घोषणा की। चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम की कमान रोहित शर्मा के हाथों में होगी, जबकि उप कप्तानी की जिम्मा शुभमन गिल संभालेंगे।


यशस्वी जायसवाल को पहली बार वनडे में मिली जगह
बाएं हाथ के प्रतिभाशाली बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को शनिवार को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में चुना गया जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने चोट से उबरने के बाद लंबे समय के बाद एकदिवसीय टीम में वापसी की। टीम में अनुभवी जसप्रीत बुमराह का भी नाम है लेकिन उनकी मौजूदगी फिटनेस हासिल करने पर निर्भर करेगी। ऋषभ पंत और लोकेश राहुल टीम में दो विकेटकीपर होंगे। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए घोषित 15 सदस्यीय टीम में हालांकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को जगह नहीं मिली है। शमी ने 2023 में 50 ओवर के विश्व कप के बाद वनडे टीम में वापसी की है। हर्षित राणा को केवल इंग्लैंड श्रृंखला के लिए चुना गया है।

करुण नायर टीम में जगह बनाने से चूके
चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, बुमराह को पांच सप्ताह के लिए विश्राम करने के लिए कहा गया था और वह इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो वनडे के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। घरेलू क्रिकेट में 752 रन बनाने के बावजूद करुण नायर टीम में जगह बनाने से चूक गए। अगरकर ने कहा, एक और खिलाड़ी के लिए जगह बनाना मुश्किल था और जिन लोगों (बल्लेबाजों) को चुना गया है, उनका औसत 40 से अधिक का है।

चैंपियंस ट्रॉफी में कुल आठ टीमें खेलेंगी
चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में 8 टीमों के बीच कुल 15 मुकाबले होंगे। चैंपियंस ट्रॉफी में कुल आठ टीमें खेलेंगी, जिन्हें 2 ग्रुप में बांटा गया है। टीम इंडिया ग्रुप ए में पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के साथ है। चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज 19 फरवरी से होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत बांग्लादेश के खिलाफ 20 फरवरी को करेगी। इसके बाद टीम इंडिया को 23 फरवरी को पाकिस्तान से भिड़ना है। भारतीय टीम दो मार्च को ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच में न्यूजीलैंड से खेलना है।

भारत ने दो बार खिताब अपने नाम किया
आपको बता दें भारत ने अभी तक दो बार इस टूर्नामेंट में खिताब अपने नाम किया है। साल 2002 में टीम इंडिया और श्रीलंका इस टूर्नामेंट की संयुक्त विजेता रही थीं। तब फाइनल मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। वहीं, साल 2013 में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को फाइनल में हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था।

चैंपियंस ट्रॉफी के लिए 15 सदस्यीय भारतीय स्क्वॉड: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर।

Leave a Reply