चंडीगढ़| पंजाब में पंच और सरपंच पदों के लिए आज मतदान हो रहा है। इस चुनाव में लगभग 1.05 लाख उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है। इस बीच कई जगहों से हिंसा की खबरें भी सामने आ रही है।
अमृतसर में वोटिंग के दौरान पथराव
अमृतसर के राजासांसी एरिया के गांव बलगण सिद्धू में पंचायती चुनाव की वोटिंग के दौरान 2 पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान हाथापाई शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू किया। इस कारण करीब एक घंटे तक वोटिंग रुकी रही, लेकिन मामला सुलझने के बाद फिर से वोटिंग शुरू की गई है। इस हाथापाई के दौरान कई लोगों की पगड़ियां तक उतर गईं। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों पक्ष किस पार्टी के साथ जुड़े हैं।
तरनतारन में चली गोली
तरनतारन जिले के गांव सोहल सैण में मतदान केंद्र के बाहर गोली चली। गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया। मतदान के लिए कतार में खड़े लोगों के बीच विवाद हुआ। बरनाला के करमगढ़ गांव में पंचायत चुनाव में लड़ाई हुई है। जहां पंची के प्रत्याशी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों ने विरोधी सरपंची उम्मीदवारों पर हमले का आरोप लगा है। वहीं, पंचायत चुनाव ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक की पहचान सीनियर कांस्टेबल लक्खा सिंह (53 वर्ष) के रूप में हुई है।
जगराओं के कोठे अठचक्क गांव में मतदान शुरू होते ही विवाद हो गया। लोगों के हंगामे के बाद यहां वोटिंग रुकी हुई है। इसके अलावा जगराओं के गांव पोना और गांव डल्ला में चुनाव रद्द करने के आदेश दिए गए हैं। पंचायत चुनाव ड्यूटी के लिए फाजिल्का से जालंधर आए एक टीचर की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मानसा के गांव मानसा खुर्द में वोटिंग रोकी गई है। बैलेट पेपर गलत छपा हुआ था। जैसे ही मामला ध्यान में आया, उसके बाद उच्च अधिकारियों के ध्यान में यह मामला लाया गया।


