नए साल से पहले हादसों से दहला महाराष्ट्र, 5 की मौत, 23 जख्मी

महाराष्ट्र मुंबई राष्ट्रीय राष्ट्रीय

मुंबई| महाराष्ट्र के अहमदनगर-दौड हाईवे पर ट्रक और जाइलो कार की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह भयानक हादसा उस वक्त हुआ जब तेज रफ्तार जाइलो कार और ट्रक आमने-सामने आ गए। हादसे में शेख परिवार तबाह हो गया। इस भीषण हादसे में शेख परिवार के 13 साल के दो बच्चों समेत 30 साल के एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई। मृतकों की पहचान शाबाज़ शेख, गाजी बांगी और लुजैन शेख के तौर पर हुई हैं।हादसे में 8 लोग घायल हो गए। उन्हें दौंड और श्रीगोंदा में प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि शेख परिवार कल्याण से श्रीगोंदा तालुका के कोलगांव स्थित दरगाह पर दर्शन के लिए आया था।

ठाणे में बड़ा हादसा

ठाणे में आज सुबह नासिक-मुंबई हाईवे पर एक एसयूवी की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे पांच पखड़ी इलाके में हुआ। एसयूवी पालघर जिले के वसई से ठाणे स्टेशन की ओर रेलवे के केबल लेकर जा रही थी। इस बीच एसयूवी का टायर पंक्चर हो गया। जिस वजह से एसयूवी अनियंत्रित होकर ईंट लेकर भिवंडी इलाके से मुंबई के मानखुर्द जा रही ट्रक से टकरा गई। घायलों को ठाणे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो घायलों की हालत गंभीर है, उन्हें मुंबई के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

पालघर में एसटी बस का एक्सीडेंट, 2 बच्चों की मौत

मनोर-विक्रमगढ़ मार्ग पर बोरांडा में एक एसटी बस हादसे की शिकार बन गई। दुर्घटना में दो बच्चों की मौत हो गई और करीब 10 लोग घायल हो गए। पालघर से शिरडी जा रही एसटी बस को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई और 10 से 15 यात्री घायल हो गए। इस हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पालघर में हुए इस हादसे के कारण मनोर-विक्रमगढ़ रोड पर ट्रैफिक जाम हो गया। हादसे में बस को बड़ा नुकसान हुआ है, बस का आधा हिस्सा चकनाचूर हो गया।

Leave a Reply