एजेंसी, नई दिल्ली। दिल्ली में सुबह बादलों की गरज के साथ मूसलाधार बारिश होने और तेज हवाएं चलने के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 200 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी हुई और तीन उड़ानों के मार्ग में बदलाव करना पड़ा। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली हवाई अड्डा आ रही दो उड़ानों को जयपुर और एक उड़ान को अहमदा बाद की ओर मोड़ा गया। विमान परिचालन पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘flightradar24.com’ के अनुसार, 200 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी हुई। मौसम के अचानक बदलने के कारण भारतीय मौसम विभागने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। हवाई अड्डे का संचालन करने वाले ‘दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड’ ने बताया कि खराब मौसम की वजह से कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। उसने सुबह पांच बजकर 20 मिनट पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हमारे दल सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि यात्रियों के लिए निर्बाध सेवा सुनिश्चित हो सके।’’ खराब मौसम की वजह से कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। उसने सुबह सात बजकर 25 मिनट पर एक अन्य ‘पोस्ट’ में बताया कि तेज हवाएं एवं भारी बारिश अब थम चुकी है लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण उड़ान परिचालन पर कुछ असर पड़ा है। डायल ने सुबह आठ बजकर 20 मिनट पर साझा किए गए एक अन्य ‘पोस्ट’ में कहा कि खराब मौसम के कारण उड़ान परिचालन पर कुछ असर पड़ने के बावजूद हवाईअड्डा सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
उसने कहा, ‘‘हमारे दल सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि यात्रियों के लिए निर्बाध सेवा सुनिश्चित हो सके।’’ विमानन कंपनी ‘इंडिगो’ ने बताया कि दिल्ली में सुबह आंधी-तूफान और भारी बारिश के कारण उड़ान परिचालन प्रभावित हुआ है। कंपनी ने सुबह आठ बजकर 48 मिनट पर ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं और स्थिति जल्द ही सामान्य होने की उम्मीद है।’’ विमानन कंपनी ‘एअर इंडिया’ ने भी कहा कि प्रतिकूल मौसम की वजह से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में विमान परिचालन प्रभावित हुआ है। कंपनी ने सुबह पांच बजकर 51 मिनट पर ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘दिल्ली आने-जाने वाली हमारी कुछ उड़ानों के परिचालन में देरी हुई है या उनका मार्ग बदला जा रहा है जिससे अन्य उड़ानों के परिचालन समय में भी बदलाव की संभावना है। हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि लोगों को कम से कम दिक्कत हो।’’ ‘स्पाइसजेट’ के अनुसार, खराब मौसम के कारण दिल्ली में एटीसी (हवाई यातायात नियंत्रण) पर काफी भीड़ है। कंपनी ने सुबह 10 बजकर नौ मिनट पर ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘उड़ानों के प्रस्थान/आगमन में देरी के कारण उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।’’ इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा और सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है जहां से प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानें संचालित होती हैं।
दिल्ली में बेमौसम बारिश से सड़कें हुईं जलमग्न, मकान ढहने से एक ही परिवार को 4 लोगों की मौत, यातायात बाधित
नई दिल्ली| दिल्ली में शुक्रवार की सुबह हुई बारिश और तेज आंधी के बाद यहां कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और पेड़ों के उखड़ जाने से यातायात बाधित हो गया। कार्यालय जाने वाले लोग और स्कूली बच्चों सहित यात्री यहां बारिश के कारण धीमी गति से चल रहे यातायात की वजह से जाम में फंस गए। द्वारका अंडरपास, साउथ एक्सटेंशन, मेजर सोमनाथ मार्ग, रिंग रोड, मिंटो रोड, आरके पुरम, खानपुर, आईटीओ और लाजपत नगर में जलभराव की सूचना मिली, जिसके कारण यातायात में भारी रुकावट आई और लोगों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर प्रसारित वीडियो और फोटो में जलमग्न इलाकों में वाहन घुटनों तक पानी में चलते दिखाई दे रहे हैं। दिल्ली के नजफगढ़ में एक मकान पर पेड़ गिर जाने के कारण चार लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) मौसम की चेतावनियों के लिए ‘रंग-कोड’ का उपयोग करता है, ‘‘जिससे संभावित मौसम की घटनाओं की गंभीरता को दर्शाया जा सके।’’ इसका मुख्य उद्देश्य संबंधित अधिकारियों और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को ‘‘मौसम के संभावित प्रभाव के बारे में पहले से ही सचेत करना है, जिससे वह आपदा जोखिम न्यूनीकरण से संबंधित आवश्यक कार्रवाई के लिए तैयार रहें‘‘ रंग कोड के तहत चार रंग के अलर्ट जारी किए जाते हैं। ये रंग और इनके संदेश…. ग्रीन (किसी कार्रवाई की जरूरत नहीं), येलो (नजर रखें और निगरानी करते रहें), ऑरेंज (तैयार रहें) और रेड (कार्रवाई/सहायता की जरूरत) हैं। ‘रेड अलर्ट’ का अर्थ है कार्रवाई करें, अत्यंत खराब मौसम के कारण परिवहन और बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है और जन-जीवन को खतरा हो सकता है। एहतियात के तौर पर लोगों को घर के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण लेने से बचने, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग हटाने और जल निकायों एवं उन वस्तुओं से दूर रहने की सलाह दी है जिनसे करंट लग सकता है। बारिश के कारण उड़ानों के परिचालन में भी बाधा उत्पन्न हुई है।


