एजेंसी, नई दिल्ली। पहलगाम हमले पर अमित शाह ने पाकिस्तान को खुली चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को नहीं बख्शेंगे, चुन-चुनकर बदला लिया जाएगा. जब तक आतंकवाद समाप्त नहीं होगा हमारी लड़ाई जारी रहेगी. जिन लोगों ने यह कृत्य किया है उन लोगों को निश्चित रूप से दंड दिया जाएगा. आतंक की भेंट चढ़ने वाले हमारे नागरिकों के परिजनों को कहना चाहता हूं कि यह सिर्फ आपकी क्षति नहीं है, बल्कि देश की क्षति है. 90 के दशक से कश्मीर में जो आतंकवाद चला रहे हैं. उनके खिलाफ हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीरो टॉलरेंस की नीति है. हम मजबूती के साथ लड़ाई लड़े हैं.
किसी को बख्शा नहीं जाएगा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम आतंकी हमले पर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चाहे उत्तर पूर्व हो, चाहे वामपंथी उग्रवाद का क्षेत्र हो या चाहे कश्मीर पर पड़ी आतंकवाद की छाया हो हर चीज का हमने मजबूती के साथ जवाब दिया है. अगर कोई कायराना हमला करके समझता है कि उनकी बड़ी जीत है तो समझ लें यह नरेंद्र मोदी सरकार है, किसी को बख्शा नहीं जाएगा. अमित शाह ने कहा कि इस देश की इंच-इंच भूमि से आतंकवाद को मूल समेत उखाड़ने का हमारा संकल्प है और वह सिद्ध होकर रहेगा.जब तक आतंकवाद समाप्त नहीं होगा हमारी लड़ाई जारी रहेगी और जिन लोगों ने यह कृत्य किया है उसका उचित दंड उन्हें मिलेगा.
एक-एक को चुन-चुन कर दिया जाएगा इसका जवाब
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मैं आज जनता को बताना चाहता हूं कि 90 के दशक से कश्मीर में जो आतंकवाद चला रहे हैं उनके खिलाफ हम जीरो टॉलरेंस की नीति पर मजबूती के साथ अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं. आज वे यह न समझे कि हमारे नागरिकों की जान लेकर वो ये लड़ाई जीते हैं. मैं सभी आतंक फैलाने वालों को कहना चाहता हूं कि यह लड़ाई अंत नहीं है, एक मकाम है, एक-एक व्यक्ति को चुन-चुन कर इसका जवाब दिया जाएगा.
आतंकवाद को उखाड़ फेंकना हमारा संकल्प
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि हर व्यक्ति को चुन-चुनकर जवाब भी मिलेगा और जवाब भी दिया जाएगा। इस देश से आतंकवाद को उखाड़ फेंकना हमारा संकल्प है और इसे पूरा किया जाएगा।
आतंकवाद के खिलाफ विश्व भारत के साथ
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि इस लड़ाई में न केवल 140 करोड़ भारतीय बल्कि पूरा विश्व भारत के साथ खड़ा है, दुनिया के सभी देश एक साथ आ गए हैं और आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में भारत के लोगों के साथ खड़े हैं। केंदीय गृहमंत्री ने कहा कि जब तक आतंकवाद समाप्त नहीं होगा तब तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी और जिन लोगों ने यह कृत्य किया है उनको सजा दी जाएगी।
पहलगाम में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए रखा मौन
कार्यक्रम के शुरुआत में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, उपराज्यपाल वीके सक्सेना और केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए मौन रखा।
पहलगाम हमले में 26 लोगों की हुई मौत
बता दें कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाया। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई। पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर कई सख्त कदम उठाए है। बुधवार को भारत ने पाकिस्तान के विमानों के लिए अपना एयरस्पेस भी बंद करने का फैसला लिया था।
पीएम ने सेना को दी खुली छूट
पहलगाम हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय सेना को खुली छूट दे दी है। मंगलवार को पीएम मोदी ने नई दिल्ली में एक उच्च-स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोवल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान और तीनों सेनाओं के प्रमुख शामिल थे।


