एजेंसी, चेन्नई। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में भारत का सामना जिम्बाब्वे के साथ चेन्नई में हुआ। इस मैच में भारत ने अभिषेक शर्मा और हार्दिक पंड्या की तूफानी अर्धशतकीय पारी और अर्शदीप सिंह की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने 2 अंक हासिल किए और अंकतालिका में अपना खाता खोला। हार्दिक पंड्या को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 256 रन बनाए और जिम्बाब्वे को जीत के लिए 257 का टारगेट दिया। ये टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। 257 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना पाई। इस हार के बाद जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो गया। जिम्बाब्वे को हराने के बाद भारत अंकतालिका में 2 अंक के साथ तीसरे नंबर पर आ गया और उसके रन रेट में भी सुधार हुआ। वहीं इससे पहले वेस्टइंडीज को हराने वाली साउथ अफ्रीका की टीम सुपर 8 के ग्रुप 2 में 4 अंक के साथ पहले नंबर पर है और इस टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई भी कर लिया। इससे पहले इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।
अभिषेक और हार्दिक पांड्या के अर्धशतक
भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने सबसे ज्यादा 55 रनों की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 30 बॉल का सामना किया। उनके बल्ले से चार चौके और चार छक्के आए। ईशान किशन ने 24 बॉल पर 38 और संजू सैमसन ने 15 बॉल पर 24 रन ठोक दिए। कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले से 13 बॉल पर 33 रन बनाए। आखिरी में हार्दिक पांड्या और तिलक वर्मा ने आक्रामक की बल्लेबाजी की। हार्दिक ने केवल 23 बॉल पर 50 रन ठोक दिए। इसमें दो चौके और चार छक्के शामिल रहे। तिलक ने 16 बॉल पर 44 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 चौके और चार छक्के आए।
टी20 विश्व कप का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर
टीम इंडिया ने टी20 विश्वकप के इतिहास का दूसरास सबसे बड़ा स्कोर बना दिया है। सबसे बड़ा स्कोर श्रीलंका के नाम है, टीम ने कीनिया के खिलाफ साल 2007 में 260 रन बनाए थे, ये रिकॉर्ड अभी टूटा नहीं है। हालांकि टीम इंडिया का टी20 विश्व कप में अब ये सबसे बड़ा स्कोर हो गया है। भारत ने साल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ 218 रन बनाए थे।
ये भी पढ़े : साउथ अफ्रीका के 2 खिलाड़ी भारत में अचानक बन गए हीरो
भारत ने 10 और जिम्बाब्वे ने तीन मुकाबले जीते हैं अब तक
भारतीय टीम सुपर 8 में अपना पहला मैच साउथ अफ्रीका से हार चुकी है, इसलिए अब उसे बचे हुए दोनों मैच जीतने ही होंगे। वहीं जिम्बाब्वे को भी वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा है। इस बीच खास बात ये है कि भारत की सरजमीं पर पहली बार भारत और जिम्बाब्वे के बीच कोई टी20 इंटरनेशनल मैच हो रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल मिलाकर 13 मैच हुए हैं, इसमें से 10 बार भारतीय टीम ने बाजी मारी है, वहीं तीन बार जिम्बाब्वे मैच जीतने में कामयाब हुआ है। टीम इंडिया पिछली बार साल 2024 में जिम्बाब्वे से उसके घर जाकर हारी थी। हालांकि तब से लेकर अब तक काफी कुछ बदल गया है।
भारत का स्क्वॉड: ईशान किशन (विकेट कीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, संजू सैमसन
जिम्बाब्वे का स्क्वॉड: तदिवानाशे मारुमानी (विकेट कीपर), ब्रायन बेनेट, डियोन मायर्स, रयान बर्ल, सिकंदर रजा (कप्तान), टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, ग्रीम क्रेमर, ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, बेन करन, क्लाइव मडांडे, टिनोटेंडा मापोसा, वेलिंगटन मसाकाद्जा।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


