एजेंसी, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को पुरुष टी20 विश्व कप का खिताब तीसरी बार जीतने वाली भारतीय टीम के लिए 131 करोड़ रुपये की भारी-भरकम पुरस्कार राशि की घोषणा की है। यह सम्मान राशि टीम के सभी 15 खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और अन्य सहयोगी स्टाफ के बीच बांटी जाएगी।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली इस विजेता टीम के खिलाड़ियों को इनाम का सबसे बड़ा हिस्सा दिया जाएगा, जबकि सहयोगी स्टाफ को उनके पद के आधार पर राशि आवंटित की जाएगी। खास बात यह है कि यह पुरस्कार राशि साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में चैंपियन बनी टीम को मिले 125 करोड़ रुपये से भी 6 करोड़ रुपये अधिक है। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने अपने बयान में इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों, चयनकर्ताओं और स्टाफ को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ये भी पढ़े : एलपीजी सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव, अब 25 दिन से पहले नहीं मिलेगा दूसरा रिफिल
गौरतलब है कि भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस जीत के साथ ही भारत टी20 विश्व कप के इतिहास में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है। तीन बार इस टूर्नामेंट को जीतकर भारतीय टीम ने क्रिकेट के इस सबसे छोटे प्रारूप में अपनी बादशाहत कायम कर ली है।


