एजेंसी, जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के अंतर्गत जबलपुर में चार संभागों की संभाग स्तरीय विषय वक्ता कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा के संभागीय कार्यालय में आयोजित इस कार्यशाला में सत्ता और संगठन के कई बड़े नेता एकत्रित हुए हैं।
कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, गुजरात के प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी सम्मिलित हुए। वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी कार्यकर्ताओं की इस कार्यशाला में हिस्सा लेने के लिए जबलपुर पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण के कारण ही भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि जबलपुर नर्मदा तट का यह क्षेत्र अद्भुत है और यहाँ के कार्यकर्ता भी उतने ही सक्रिय और समर्पित हैं।
ये भी पढ़े : उज्जैन में महाकाल की गेर के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अनोखा अंदाज : जमकर खेली होली और चलाए शस्त्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन को सशक्त बनाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए प्रशिक्षण वर्ग अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार और संगठन दोनों मिलकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। इस कार्यशाला में जबलपुर, रीवा, शहडोल और छिंदवाड़ा संभाग के 19 जिलों के 400 से अधिक कार्यकर्ता भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, जिसमें वैचारिक आधार, कार्यकर्ता एवं कार्यपद्धति, भाजपा का इतिहास, प्रदेश सरकार की उपलब्धियां, केंद्र सरकार की योजनाएं, बूथ प्रबंधन एवं ‘मन की बात’, सोशल मीडिया और एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) तथा कार्य विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं।


