एजेंसी, । भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लेने वाले युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। रक्षा मंत्रालय और सेना भर्ती बोर्ड ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में एक महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए अधिकतम आयु सीमा को एक वर्ष बढ़ा दिया है। अब तक अग्निवीर बनने के लिए ऊपरी आयु सीमा 21 वर्ष निर्धारित थी, जिसे बढ़ाकर अब 22 वर्ष कर दिया गया है।
भर्ती नियमों में हुए इस बदलाव से उन हजारों युवाओं को फिर से सेना की वर्दी पहनने का अवसर मिलेगा जो पिछली बार आयु सीमा के कारण बाहर हो गए थे। सेना भर्ती बोर्ड के मुताबिक, इस निर्णय के बाद युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पिछले मात्र 15 दिनों के भीतर ही 13,499 आवेदन जमा हो चुके हैं, जिनमें मुरैना और भिंड जिलों के युवाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा है। अधिकारियों का कहना है कि युवाओं में सेना में शामिल होने का जज्बा बढ़ता जा रहा है। पिछली भर्ती के दौरान लगभग 1700 युवाओं का चयन हुआ था, लेकिन इस बार आवेदनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुराना रिकॉर्ड टूटने की पूरी उम्मीद है।
ये भी पढ़े : सोमवार से शुरू होगा संसद का बजट सत्र : स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर मचेगा घमासान, महंगाई और अंतरराष्ट्रीय युद्ध के मुद्दे पर भी भिड़ेंगे पक्ष-विपक्ष
अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 13 फरवरी से जारी है। आंकड़ों पर नजर डालें तो सबसे अधिक 7,271 आवेदन भिंड और मुरैना क्षेत्र से प्राप्त हुए हैं। सेना भर्ती बोर्ड 1 अप्रैल तक आवेदन स्वीकार करेगा, जिससे आने वाले दिनों में आवेदकों की संख्या में और बड़ा उछाल आने की संभावना है। ग्वालियर सेना भर्ती बोर्ड के कर्नल पंकज कुमार ने बताया कि अधिकतम आयु सीमा को 22 वर्ष किए जाने से उन अभ्यर्थियों को बड़ा लाभ मिला है जो पिछली बार मामूली अंतर से चूक गए थे। उम्र में इस रियायत ने हजारों नए युवाओं के लिए फौज का रास्ता खोल दिया है। जिस रफ्तार से आवेदन आ रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि इस बार भर्ती के पिछले तमाम आंकड़े पीछे छूट जाएंगे।


