एजेंसी, भुवनेश्वर। ओडिशा के कटक जिले में स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में सोमवार को एक भीषण अग्निकांड हुआ। इस दुखद हादसे में 10 मरीजों की जान चली गई, जबकि 13 अन्य मरीज गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायल मरीजों का फिलहाल आईसीयू में उपचार किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग ने अस्पताल का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने इस पूरी घटना की न्यायिक जांच कराने का निर्देश दिया है और मृतकों के परिजनों के लिए 25,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
ये भी पढ़े : चेन्नई के नवल्लूर में एलपीजी सिलेंडर फटने से भारी तबाही, दो मासूम बच्चों की जान गई और तीन मकान ढहे
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, अस्पताल की पहली मंजिल पर मौजूद ट्रॉमा केयर आईसीयू में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह आग लगी। देखते ही देखते लपटें पास के दूसरे आईसीयू और वार्डों तक भी फैल गईं। घटना के वक्त इस यूनिट में कुल 23 मरीज भर्ती थे। बचाव कार्य के दौरान जब मरीजों को दूसरे वार्डों में शिफ्ट किया जा रहा था, तब 10 मरीजों ने दम तोड़ दिया। राहत की बात यह है कि 13 मरीजों को सुरक्षित बचा लिया गया है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। फिलहाल मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।


