एशियन गेम्स 2026 : शूटिंग में कमलजीत-सुरुचि ने भारत को दिलाया गोल्ड, मेडल संख्या 19 पहुंची
एजेंसी, आइची-नागोया। Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 में 25 सितंबर का दिन भारत के लिए बेहतरीन सौगात लेकर आया। शूटिंग के 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कमलजीत और सुरुचि सिंह की जोड़ी ने निशानेबाजी में जबरदस्त कौशल दिखाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। एशियाई खेलों के इस संस्करण में भारत का यह दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया था।
निशानेबाजी में भारत की स्वर्णिम विजय।
एशियन गेम्स 2026 की 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर कमलजीत जी और सुरुचि इंदर सिंह जी ने देश का गौरव बढ़ाया है।
आप दोनों का शानदार प्रदर्शन, अचूक निशाना और बेहतरीन तालमेल युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है।… pic.twitter.com/QUbx1xhbcL
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) September 25, 2026
फाइनल में दक्षिण कोरिया को दी मात, वर्ल्ड रिकॉर्ड के करीब पहुंचे
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम के फाइनल मुकाबले में कमलजीत और सुरुचि सिंह ने शुरुआत से ही प्रतिद्वंद्वियों पर बढ़त बनाए रखी। भारतीय जोड़ी ने दबाव के क्षणों में भी बेहद शांत रहकर सटीक निशाने लगाए और कुल 484.6 अंक का स्कोर हासिल करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। हालांकि फाइनल में दक्षिण कोरिया की टीम से कड़ी टक्कर देखने को मिली, लेकिन भारतीय निशानेबाजों ने अपनी बढ़त को अंत तक कायम रखा। कमलजीत और सुरुचि का यह स्कोर जुलाई 2026 में चीन की याओ कियानशुन और हू काई की जोड़ी द्वारा बनाए गए 488.4 के वर्ल्ड रिकॉर्ड से महज 3.8 अंक पीछे रहा।
दक्षिण कोरिया को सिल्वर और ईरान को मिला ब्रॉन्ज
10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम के रोमांचक फाइनल में भारत के अलावा दक्षिण कोरिया, ईरान और इंडोनेशिया की जोड़ियों के बीच पदक की होड़ थी। भारत ने 484.6 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल कर गोल्ड जीता। वहीं दक्षिण कोरिया की सुह्योन होंग और गाउन चू की जोड़ी ने 478 अंक के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया। ईरान की टीम 415.8 अंक के साथ तीसरे पायदान पर रही और उसने ब्रॉन्ज मेडल पर निशाना साधा, जबकि इंडोनेशिया की टीम 349.4 अंक लेकर चौथे स्थान पर रही। इससे पहले भारतीय जोड़ी ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट कटाया था।
50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में भारतीय पुरुषों ने जीता सिल्वर
शूटिंग रेंज से भारत के लिए एक और शानदार खबर पुरुषों की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा से आई। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्राक्ष पाटिल की तिकड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में सिल्वर मेडल डाला। इस स्पर्धा में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 589, नीरज कुमार ने 588 और रुद्राक्ष पाटिल ने 585 अंक का योगदान दिया। भारतीय टीम का कुल स्कोर 1762 अंक रहा। इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल चीन की टीम ने 1766 अंक हासिल करके अपने नाम किया।
भारत की मेडल टैली में दर्ज हुए कुल 19 पदक
25 सितंबर को शूटिंग में मिले इन पदकों के बाद एशियन गेम्स 2026 की तालिका में भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है। भारतीय दल अब तक 2 गोल्ड, 8 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर चुका है। इस शानदार प्रदर्शन के बल पर भारत पदक तालिका में 12वें स्थान पर कायम है।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


