एजेंसी, टोक्यो/प्योंगयांग। उत्तर कोरिया मिसाइल परीक्षण : पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच उत्तर कोरिया ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन करते हुए बुधवार को दो चरणों में कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इस घटना की पुष्टि जापान की सरकार और दक्षिण कोरिया के रक्षा विभाग ने की है। दक्षिण कोरियाई सेना के अनुसार, ये मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी प्रांत कांगवोन के वॉनसन इलाके से जापान सागर की ओर छोड़ी गईं। इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और पड़ोसी देशों ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है।
North Korea fired an unidentified projectile toward the sea off its east coast, South Korea’s military said, following a separate launch detected a day earlier as Pyongyang doused Seoul’s hopes of an easing in tensions https://t.co/e2ZC0LOb7z
— Reuters (@Reuters) April 8, 2026
जापानी सरकार ने जहाजों और विमानों के लिए जारी किया अलर्ट
मिसाइल परीक्षण की खबर मिलते ही जापानी तटरक्षक बल ने समुद्र में मौजूद जहाजों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने सलाह दी है कि यदि समुद्र में किसी मिसाइल का मलबा या संदिग्ध वस्तु दिखाई दे, तो उसके पास न जाएं और तुरंत सुरक्षा बलों को इसकी सूचना दें। जापानी प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी सभी हवाई जहाजों और समुद्री जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। सरकार ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अपनी सभी संपत्तियों और बचाव दलों को तैयार रहने को कहा है।
मिसाइल परीक्षण की क्षमता और विशेषज्ञों का दावा
दक्षिण कोरियाई सेना के विश्लेषण के मुताबिक, बुधवार को दागी गई इन मिसाइलों ने हवा में लगभग 240 किलोमीटर की दूरी तय की। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह इस साल उत्तर कोरिया द्वारा किया गया पांचवां बड़ा मिसाइल परीक्षण है। इससे पहले मार्च महीने में भी सुनान क्षेत्र से एक साथ 10 मिसाइलें दागकर उत्तर कोरिया ने दुनिया को चौंका दिया था। विशेषज्ञों का मानना है कि उत्तर कोरिया लगातार अपनी कम दूरी की मारक क्षमता को बढ़ा रहा है, जो क्षेत्रीय शांति के लिए बड़ा खतरा है।
दक्षिण कोरिया की आपातकालीन बैठक और कड़ी प्रतिक्रिया
मिसाइल लॉन्च की सूचना मिलते ही दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय सुरक्षा कार्यालय ने एक इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। बैठक के बाद जारी बयान में प्योंगयांग से मांग की गई है कि वह इस तरह की उकसावे वाली और खतरनाक कार्रवाइयों को तुरंत रोके। दक्षिण कोरियाई सेना ने कहा है कि वे अमेरिका के साथ मिलकर उत्तर कोरिया की हर गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


