इजरायल और ईरान के बीच बढ़ता तनाव : भारत ने अपने नागरिकों के लिए जारी की एडवाइजरी, आपात स्थिति में नंबरों पर करें संपर्क

अंतर्राष्ट्रीय इजराइल ईरान नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने पश्चिम एशिया में एक नया संकट पैदा कर दिया है। इस तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारत के दूतावास ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। इसके अलावा दूतावास ने कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं और ईरान में मौजूद लोगों से संपर्क के लिए टेलीग्राम लिंक भी बनाया है।
ईरान में रहने वाले भारतीयों के लिए है टेलीग्राम लिंक
एक्स पर पोस्ट करते हुए भारतीय दूतावास ने लिखा- टेलीग्राम लिंक केवल उन भारतीय नागरिकों के लिए है जो ईरान में हैं। साथ ही कहा कि ईरान में भारतीयों से अनुरोध है कि वे भारतीय दूतावास से स्थिति पर जानकारी प्राप्त करने के लिए लिंक से जुड़ें।
सतर्क रहने का किया था आग्रह
हालांकि कि इससे पहले दूतावास ने ईरान में भारतीय नागरिकों के लिए एक परामर्श जारी किया था तथा उनसे सतर्क रहने का आग्रह किया था। दूतावास द्वारा शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया था, “ईरान में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर, ईरान में सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें, सभी अनावश्यक गतिविधियों से बचें, दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट का पालन करें और स्थानीय अधिकारियों द्वारा दी गई सलाह के अनुसार सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करें।”

ईरान में भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर
दूतावास का आपातकालीन संपर्क विवरण – +98 9128109115 और +98 9128109109
केवल कॉल के लिए – +98 9128109115 और +98 9128109109
व्हाट्सएप के लिए – +98 901044557, +98 9015993320, और, +91 8086871709।
बंदर अब्बास: +98 9177699036
ज़ाहेदान: +98 9396356649

इजरायल-ईरान के बीच तनावपूर्ण हुई स्थिति
13 जून को इजरायल द्वारा ईरान के सैन्य और परमाणु ठिकानों पर “ऑपरेशन राइजिंग लायन” के तहत किए गए हवाई हमलों के बाद क्षेत्र में स्थिति और तनावपूर्ण हो गई है। इन हमलों में ईरान के रिवॉल्यूशनरी गार्ड के कमांडर जनरल हुसैन सलामी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और वैज्ञानिकों की मौत की खबरें सामने आई हैं। इसके जवाब में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इजरायल को “कठोर सजा” देने की चेतावनी दी है। इस बढ़ते तनाव के बीच, भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए कदम उठाए हैं, बल्कि दोनों देशों से संयम बरतने और कूटनीतिक रास्ते अपनाने की अपील भी की है।

Leave a Reply