इंदौर : रमेश मेंदोला भारतीय सॉफ्टबॉल संघ के कार्यकारी अध्यक्ष बने

खेल प्रादेशिक प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश सॉफ्टबॉल

इंदौर। मध्य प्रदेश ओलिंपिक संघ व मध्य प्रदेश सॉफ्टबॉल संघ के अध्यक्ष रमेश मेंदोला को भारतीय साफ्टबाल संघ का कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इंदौर में हुई संगठन की विशेष साधारण सभा में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। विशेष साधारण सभा द्वारा पूर्व अध्यक्ष दिल्ली की नीतल नारंग को निष्कासित किया गया है। अब राष्ट्रीय कार्य कारिणी में इंदौर का दबदबा बढ़ गया है। इंदौर के ही श्रीकांत थोरात संगठन में कोषाध्यक्ष हैं। संगठन में अन्य किसी पद पर कोई फेरबदल नहीं किया गया है।

23 राज्य संघों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
भारतीय सॉफ्टबॉल संघ के महासचिव उप्र के एलआर मौर्या ने बताया कि संघ के विभिन्न राज्य संघों द्वारा किए गए विशेष अनुरोध पर इंदौर में विशेष साधारण सभा का आयोजन किया गया। अधिकांश सदस्य वर्चुअली शामिल हुए। पहले सदस्यों द्वारा पूर्व अध्यक्ष नीतल नारंग के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाने हेतु बैठक की गई। सभा में भारतीय संघ से संबद्ध 29 इकाइयों में से 23 राज्य संघों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अविश्वास प्रस्ताव 33 विरूद्ध तीन मतों से पारित किया गया। इसके बाद अन्य बैठक कर संघ की गतिविधियों के संचालन के लिए रमेश मेंदोला को भारतीय सॉफ्टबॉल संघ में सर्वसम्मति से कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया। मनोनयन का प्रस्ताव छत्तीसगढ़ के सचिव ओपी शर्मा द्वारा प्रस्तुत किया गया। समस्त उपस्थित सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन किया।

सुविधाएं दिलाने का प्रयास करूंगा
अपने मनोनयन पर मेंदोला ने सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम सब मिलकर, एक टीम और एक परिवार के रूप में काम करेंगे। सभी मिलकर देश में सॉफ्टबॉल के खेल को नई ऊंचाई पर ले जाएंगे। मेरा प्रयास होगा कि अपने खिलाड़ियों को भी अधिकतम सुविधाएं एवं अवसर दिलवाने की कोशिश करूं। मेंदोला के कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत होने पर मध्य प्रदेश साफ्टबाल संघ के प्रवीण अनावकर, श्रीकांत थोरात, राजकुमार सहगल, प्रदीप नारुलकर, समीर गुप्ते, चंद्रकांत संगोले, राकेश मिश्रा, सविता पारखे आदि ने मेंदोला को सम्मानित किया।

Leave a Reply