मुख्यमंत्री मोहन यादव

इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान धमाके से इंदौर में मातम : आठ लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री ने जताया दुख और मुख्यमंत्री यादव ने दिए उच्च स्तरीय जांच के आदेश

इंदौर देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है जहाँ एक घर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार को चार्ज करते समय हुए भीषण धमाके ने आठ जिंदगियां लीं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की विशेषज्ञों द्वारा गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच की विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोकने के लिए कड़े और जरूरी कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इस घटना को एक नई तकनीकी चुनौती बताया है।

शहर की ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में रहने वाले कारोबारी मनोज पुगलिया के घर पर बुधवार तड़के यह हादसा हुआ। पुलिस के अनुसार, घर के बाहर चार्ज हो रही कार के चार्जिंग पॉइंट में अचानक शॉर्ट सर्किट के बाद धमाका हुआ, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें घर में रखे गैस सिलेंडरों तक पहुँच गईं जिससे हुए विस्फोट के कारण मकान का एक हिस्सा ढह गया। इस भीषण अग्निकांड में मनोज पुगलिया, उनकी बहू सिमरन और छह अन्य करीबियों की जान चली गई, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। तंग गलियां होने के कारण राहत और बचाव कार्य में भी काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।

ये भी पढ़े : एमपी में किसानों का फायदा, खजाने की समृद्धि और राज्य की प्रगति एक साथ

इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख प्रकट किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को पचास-पचास हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया गया है। प्रधानमंत्री ने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी सहानुभूति प्रकट करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग से जुड़ी सुरक्षा अब एक बड़ा विषय बन गई है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि इस घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाए ताकि यह पता चल सके कि चूक कहाँ हुई। सरकार का लक्ष्य ऐसी घटनाओं के प्रति जनता में जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षा मानकों को और अधिक पुख्ता करना है। वर्तमान में तीन घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply