इंदौर| इंदौर में एक निर्माणाधीन मकान से तार चुराने के के आरोप में दो युवकों को पेड़ से बांधकर जमकर पीटा गया। दोनों के के सिर के बाल भी काट दिए गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। इस घटना का वीडियो वायरल हुआ है। डीसीपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की सिलिकॉन सिटी के पास स्टार कॉलोनी है। इलाके में एक मकान निर्माणाधीन है। इस मकान में तीन युवक चोरी की नीयत से घुसे थे। यहां तार चुराने के साथ सरिये काट रहे थे।
ठेकेदार ने इन्हें देख लिया। शोर मचाने लगा। भीड़ ने दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा साथी मौके से फरार हो गया। डीसीपी ने बताया कि द्वारकापुरी में रहने वाले कुणाल और संतोष नाम के दो युवकों के साथ लोगों ने मारपीट की। उन्हें पकड़कर पेड़ से बांधा और पीटने लगे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन दोनों आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं। मामले में बाल काटने वाले युवक और ठेकेदार के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया।


