एजेंसी, टेक्सास| उष्णकटिबंधीय तूफान चेंटल ने रविवार को अमेरिका के दक्षिण-पूर्वी तट के करीब पहुंचने के साथ ही थोड़ी ताकत हासिल कर ली. जिससे दक्षिण कैरोलिना और उत्तरी कैरोलिना के कुछ हिस्सों में मौसम संबंधी चेतावनी जारी कर दी गई. इस तूफान के भारी बारिश लाने और अचानक बाढ़ आने का खतरा पैदा करने की आशंका है, क्योंकि यह जमीन पर पहुंचने वाला है. मियामी में राष्ट्रीय तूफान केंद्र के अनुसार चेंटल तूफान से जुड़ी बारिश की धारें पहले ही तट की ओर बढ़नी शुरू हो गई हैं. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अचानक बाढ़ आने की संभावना बढ़ रही है. अनुमान है कि यह सिस्टम अगले कुछ घंटों में दक्षिण कैरोलिना में दस्तक देगा, और तटीय इलाके में आगे बढ़ने पर इसके तेजी से कमजोर होने की उम्मीद है. इसके कारण सोमवार तक उत्तरी कैरोलिना के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है. अनुमान है कि कुल 2 से 4 इंच (5 से 10 सेंटीमीटर) बारिश होगी. जिससे स्थानीय बाढ़ की आशंका बढ़ गई है. वहीं अमेरिका के टेक्सास में शुक्रवार तड़के आई अचानक बाढ़ में कम से कम 51 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक ‘समर कैंप’ में शामिल हुई 27 लड़कियां अब भी लापता हैं. केर काउंटी में बाढ़ के कारण 15 बच्चों सहित कम से कम 43 लोगों की मौत हो गई तथा आसपास की क्षेत्रों में भी कई लोग मारे गए. ग्वाडालूप नदी का जलस्तर 45 मिनट में 26 फुट बढ़ गया, पेड़ उखड़ गए, वाहन बह गए और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं.
टेक्सास में बाढ़ के कारण 51 लोगों की मौत, सैकड़ों परिवार हुए बेघर
बाढ़ के लिहाज से संवेदनशील इलाकों में वर्षों से ‘समर कैंप’ आयोजित किए जाते हैं, जहां प्रतिवर्ष हजारों बच्चे आते हैं. हंट इलाके में ग्वाडालूप नदी किनारे के ‘मिस्टिक कैंप’ की 27 लड़कियां लापता हैं. बचाव अभियान में हेलीकॉप्टर, नाव और ड्रोन की मदद ली जा रही है और अब तक 850 से अधिक लोगों को बचाया गया है. गवर्नर ग्रेग एबॉट ने कहा कि अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य चौबीसों घंटे जारी रखेंगे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने बाढ़ आने की कोई पूर्व चेतावनी नहीं दी.


