भोपाल| मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले की अमरवाड़ा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। भाजपा की ओर से कमलेश शाह को प्रत्याशी बनाया गया है। बता दें कि कमलेश शाह अमरवाड़ा सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं और लोकसभा चुनाव से पहले वो कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे इसी कारण अमरवाड़ा सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। चुनाव आयोग ने 10 जुलाई को अमरवाड़ा सीट पर चुनाव की तारीख तय की है।
कौन हैं कमलेश शाह?
अमरवाड़ा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पहले से ही ये तय माना जा रहा था कि कमलेश शाह भाजपा की ओर से उम्मीदवार हो सकते हैं। गुरुवार देर शाम भाजपा ने अमरवाड़ा उपचुनाव के लिए कमलेश शाह के नाम का ऐलान कर दिया है। बता दें कि कमलेश शाह अमरवाड़ा से तीन बार विधायक रह चुके हैं। लेकिन तब वह कांग्रेस में थे और लोकसभा चुनाव 2024 से कुछ दिनों पहले भाजपा में शामिल हुए हैं। कमलेश शाह के दादा और मां भी अमरवाड़ा से विधायक रह चुकी हैं। कमलेश शाह गोंड राजपरिवार से आते हैं, उनके परिवार की क्षेत्र में अच्छी पकड़ मानी जाती है। यहां ये भी बता दें कि अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव के लिए 21 जून नामांकन दाखिले की आखिरी तारीख है जबकि 24 जून को नामंकन पत्रों की समीक्षा होगी और 26 जून नाम वापसी की आखिरी तारीख है। 10 जुलाई को मतदान होगा जबकि 13 जून को नतीजे आएंगे।

कांग्रेस से ये हो सकते हैं उम्मीदवार
भाजपा ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है और अब ऐसे में कांग्रेस किसे प्रत्याशी बनाती है इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई है। खबरों की मानें तो कांग्रेस अमरवाड़ा सीट पर चौंका देने वाला नाम सामने ला सकती है। कांग्रेस शाह के शाह के ही परिवार से किसी को चुनावी मैदान में उतार सकती है। वहीं अगर कांग्रेस के दूसरे अन्य दावेदारों की बात करें तो कांग्रेस की तरफ से आदिवासी नेता चंपालाल कुर्चे और नवीन मरकाम के नाम की चर्चा सबसे तेज है ।


