मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कड़ा प्रहार : भ्रष्टाचार और लापरवाही पर सीधी कलेक्टर और गुना एसपी की छुट्टी, पुलिस महकमे में हड़कंप

देश/प्रदेश प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था में बड़ी सर्जरी करते हुए सीधी के कलेक्टर और गुना के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। मुख्यमंत्री ने यह सख्त कदम भ्रष्टाचार की शिकायतों और कार्यों में लापरवाही के गंभीर मामलों के सामने आने के बाद उठाया है।

सीधी जिले के अचानक दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री ने वहां के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के कामकाज की गहन समीक्षा और फीडबैक लेने के बाद सीएम ने सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को पद से हटाने के निर्देश जारी किए। इसके साथ ही, जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक पीएस धनवाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मिर्जापुर से लौटते समय हुए इस औचक निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने संकेत दिए थे कि इस दौरे का बड़ा असर जल्द ही देखने को मिलेगा।

ये भी पढ़े : ममता बनर्जी का तीखा हमला : पीएम मोदी को बताया ‘सबसे बड़ा घुसपैठिया’, बंगाल में अघोषित राष्ट्रपति शासन का लगाया गंभीर आरोप

वहीं, गुना जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने के बाद वहां के एसपी अंकित सोनी पर भी गाज गिरी है। पूरा मामला नेशनल हाईवे-46 पर चेकिंग के दौरान एक करोड़ रुपए की नकद राशि पकड़े जाने से जुड़ा है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने एक व्यापारी की गाड़ी से बड़ी रकम बरामद की और फिर मामला रफा-दफा करने के लिए 20 लाख रुपए की रिश्वत ली।

इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित व्यापारी ने गुजरात के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को आपबीती सुनाई, जिन्होंने सीधे मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से संपर्क किया। मुख्यालय की सख्ती के बाद आनन-फानन में वसूली गई रकम वापस लौटाई गई। इस प्रकरण में थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है और अब एसपी को भी हटा दिया गया है। ग्वालियर रेंज के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस पूरे मामले में उच्च स्तरीय जांच की पुष्टि की है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply