एजेंसी, नई दिल्ली। राज्यसभा में विपक्ष ने बुधवार को राष्ट्र गीत वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित चर्चा के दूसरे दिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर इस बहस के जरिए इतिहास को तोड़ मरोड़ कर राजनीति करने का आरोप लगाया जबकि सत्ता पक्ष के सदस्यों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की प्रेरणा के इस गीत को राष्ट्र गीत के रूप में अपनाते समय कांग्रेस ने तुष्टीकरण की राजनीति के चलते इसके कई अंतरों को छोड़ दिया। दूसरे दिन चर्चा शुरू करते हुए भाजपा के नरहरि अमीन ने कहा कि स्वदेशी और वंदे मातरम् हमारे स्वाधीनता सेनानियों की रणनीति और प्रेरणा के स्रोत थे। कांग्रेस के जयराम रमेश ने वंदे मातरम को छोटा करने में पं. जवाहरलाल नेहरू की भूमिका को लेकर लगाये जाने वाले आक्षेपों को खरिज किया। उन्होंने 1937 से 1940 के बीच डॉ. राजेंद्र प्रसाद, गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर, आचार्य जे बी कृपलानी और सी राजगोपाला चारी और सुभाषचंद्र बोष जैसे कांग्रेस के तत्कालीन नेताओं के बीच ऋषि बंकिंमचंद्र चटोपाध्याय द्वारा लिखे गये इस गीत पर पत्रों के आदान प्रदान कर जिक्र करते हुए कहा कि 28 अक्टूबर 1937 को कोलकाता (तत्कालीन कलकत्ता) में कांग्रेस की कार्य समिति ने सर्वसम्मति से इस गीत के दो पदों को अपनाये और गाये जाने के प्रस्ताव को सर्व सम्मति से स्वीकार किया था। रमेश ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की उस बैठक में महात्मा गांधी, सुभाषचंद्र बोष, सरदार बल्लभ भाई पटेल, पं. नेहरू, गोविंदबल्लभ पंत, मौलाना आजाद और आचार्य कृपलानी जैसे नेताओं की उपस्थिति में वंदेमातरम का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने सत्ता पक्ष पर इस बहस के माध्यम से राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग ” नेहरू का ही नहीं गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर का भी अपमान कर रहे हैं।”
कांग्रेस सदस्य ने कहा कि जब आप बंकिमचंद्र चटर्जी की बात करते हैं तो उस बंकिमचंद्र को याद करे जो अध्यात्म और विज्ञान में समनवय करता था जिसने 1876 में महेंद्र लाल सरकार के साथ मिल कर कलकत्त में इंडियन एसोसिएशन फॉर कल्टिवेशन ऑफ साइंस नाम की संस्था बनायी भी और इसमें अध्ययन करने वाले सीवी रमण को भौतिक विज्ञान का नोबेल पुरस्कार मिला था। उन्होंने कहा, ”यह बहस नेहरू को बदनाम करने के प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इसके लिए जो कुछ भी बोला जाता है उसका इतिहास में कोई आधार नहीं है।” भाकपा के संदोष कुमार पी ने भी कहा कि भाजपा पर गांधी और नेहरू का खौफ छाया रहता है और वह वंदे मातरम् के नाम पर लोगों को बांटना चाहती है। बीजू जनता दल के देवाशीष सामंतराय ने आजादी के आंदोलन में इस गीत की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वंदे मातरम् और जन गण मन दोनों ही हमारे राष्ट्र गीत और राष्ट्रगान है। उन्होंने यह भी कहा कि इतिहास को कोई बदल नहीं सकता। भाजपा की रमिलाबेन विचारभाई बारा ने गुजराती में अपने संभाषण में स्वाधीनता सेनानी श्यामजी कृष्ण वर्मा और उनकी पत्नी भानुमती की अस्थियों को आधी शताब्दी के बाद 2003 में जिनेवा से गुजरात में लाग कर उनकी इच्छा पूरी किये जाने का उल्लेख किया। बीजू जनता दल के मानस रंजन मंगराज ने वंदे मातरम् को एकता का गीत बताया। जेएमएम की महुआ माजी ने सत्ता पक्ष पर 1937 में कांग्रेस कार्य समिति के फैसले का उल्लेख करते हुए कहा कि सत्ता पक्ष उस समय के महान नेताओं पर आज दोषारोपण कर रहा है। तृणमूल कांग्रेस रीताब्रत बनर्जी ने अपना वक्तव्य बांग्ला में दिया।
ये भी पढ़े : चीन की रिहायशी इमारत में लगी आग, 12 लोगों की हुई दर्दनाक मौत

राज्यसभा में जया बच्चन की मांग, देशभर की सड़कों पर बनाई जाएं एम्बुलेंस के लिए समर्पित आपात लेन
समाजवादी पार्टी की सांसद जया बच्चन ने बुधवार को राज्यसभा में मांग की कि देशभर की सड़कों पर एम्बुलेंस की आवाजाही के लिए समर्पित आपातकालीन लेन बनाई जाएं। उन्होंने कहा कि भारत में जहां किराना सामान 15 मिनट में और पिज़्ज़ा 30 मिनट में घर पहुंच जाता है, वहीं अस्पताल पहुंचने में देरी के कारण मरीज रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। शून्यकाल में यह मुद्दा उठाते हुए जया ने कहा कि संसदीय स्वास्थ्य स्थायी समिति को भी अस्पताल पहुंचने में देरी से होने वाली मौतों के मुद्दे की जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘एक देश में जहां क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए किराना सामान 15 मिनट में और पिज़्ज़ा 30 मिनट में घर पहुंच जाता है, वहां एम्बुलेंस ट्रैफिक में फंस जाती हैं, समर्पित आपातकालीन लेन न होने के कारण मरीज दम तोड़ देते हैं। यह स्थिति तब है जब उच्चतम न्यायालय ने 2018 में ऐसा करने का निर्देश दिया था। इन त्रासदियों की निगरानी करने के लिए कोई राष्ट्रीय डेटा भी नहीं है।’’

अमित शाह का राहुल गांधी पर प्रहार: कांग्रेस की हार की वजह मतदाता सूची नहीं, आपका नेतृत्व है
गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को विपक्ष पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर झूठ फैलाने और पूरी दुनिया में भारतीय लोकतंत्र की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया तथा दावा किया कि चुनावों में कांग्रेस की हार की वजह ईवीएम एवं मतदाता सूची नहीं, बल्कि राहुल गांधी का नेतृत्व है। उन्होंने लोकसभा में, चुनाव सुधारों पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि एक दिन कांग्रेस के कार्यकर्ता हार का हिसाब मांगेंगे। अमित शाह ने कहा कि संविधान निर्वाचन आयोग को मतदाता सूची बनाने का पूर्ण अधिकार देता है तथा एसआईआर मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिकों को भारत में मतदान करने का अधिकार नहीं दिया जा सकता। शाह ने कहा, ‘‘संविधान के अनुच्छेद 326 में मतदाता की पात्रता, योग्यता, और मतदाता होने की शर्तें तय की गई है। सबसे पहली शर्त है, मतदाता भारत का नागरिक होना चाहिए, विदेशी नहीं होना चाहिए। ये (विपक्ष) कह रहे हैं कि चुनाव आयोग एसआईआर क्यों कर रहा है? उसका (निर्वाचन आयोग) दायित्व है, इसलिए कर रहा है।’’ उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग तटस्थता से चुनाव कराने वाली संस्था है। गृह मंत्री ने कहा कि अनर्गल आरोप लगाकर निर्वाचन आयोग की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘आपको ऐसा लगता है कि आप सरकार की छवि को धूमिल कर रहे हैं, लेकिन असल में आप पूरी दुनिया में भारत के लोकतंत्र की छवि धूमिल कर रहे हैं।’’


