एजेंसी, अरुणाचल प्रदेश। अरुणाचल प्रदेश के अनजॉ जिले के हयुलियांग इलाके में एक सामान ढोने वाला ट्रक 1000 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में ड्राइवर और क्लीनर सहित 21 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। अब तक रेस्क्यू टीमों ने 18 शव बरामद कर लिए हैं। यह हादसा 8 दिसंबर की रात हुआ था, लेकिन घटना की पुष्टि गुरुवार को तब हुई जब एकमात्र जीवित बचा मजदूर 2 दिनों तक पैदल चलकर सेना के कैंप तक पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद सुबह होते ही आर्मी और रेस्क्यू टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। टीमों को स्थल तक पहुंचने में 10 घंटे से ज्यादा समय लगा क्योंकि रास्ता बेहद दुर्गम था।
हादसा 8 दिसंबर की रात हुआ था
घायल मजदूर बड़ी मुश्किल से खाई से निकलकर हयुलियांग-चगलगाम रोड तक पहुंचा। वहां से वह अंधेरे और दुर्गम रास्तों से संघर्ष करते हुए दो दिनों तक पैदल चलता रहा और अंत में चिपरा जीआरईएफ कैंप पहुंचा। जवानों को सूचना देने के बाद गुरुवार सुबह तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हादसे की जगह चगलगाम से करीब 12 किलोमीटर आगे एक पहाड़ी, घने जंगलों और कम आवाजाही वाले इलाके में स्थित है, जहां पहुंचना बेहद चुनौतीपूर्ण है।
घनी झाड़ियों में फंसा था ट्रक, आर्मी को खोजने में लगे 4 घंटे
आर्मी की रेस्क्यू टीमें रस्सियों की मदद से खाई में उतरीं और लगभग 4 घंटे की खोजबीन के बाद ट्रक तक पहुंच पाईं। ट्रक घनी झाड़ियों में फंसा था, जिसके कारण वह ऊपर से दिखाई नहीं दे रहा था। अब तक 18 शव बरामद किए जा चुके हैं और इन्हें बेले रोप्स की मदद से ऊपर लाया जा रहा है। मौके पर सेना, मेडिकल टीमें, जीआरईएफ अधिकारी, स्थानीय पुलिस और एनडीआरएफ के जवान लगातार राहत-बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। अनजॉ के एडीसी हयुलियांग ने बताया कि मजदूरों की पहचान के लिए जिला परिषद सदस्यों और चगलगाम के ठेकेदारों से भी पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़े : लक्ष्मी नगर स्कूल में बम धमकी का हड़कंप, बच्चों को तुरंत निकाला गया बाहर


