नई दिल्ली| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे के दौरान राष्ट्रपति जो बाइडेन इंटीमेट डिनर (फैमिली डिनर) होस्ट करेंगे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, प्रेसिडेंट बाइडेन और फर्स्ट लेडी जिल ने प्रधानमंत्री मोदी को 21 जून को इंटीमेट डिनर के लिए इनवाइट किया है। माना जा रहा है कि मोदी यह न्योता कबूल कर लेंगे। खास बात यह है कि इस इंटीमेट डिनर का वेन्यू नहीं बताया गया है। पीएम मोदी 21 से 24 जून तक अमेरिका के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान यूएस प्रेसिडेंट उनके लिए स्टेट डिनर भी होस्ट करेंगे।
पीएम मोदी की चार दिवसीय अमेरिका दौरे के कार्यक्रम में पहले इंटीमेट डिनर शामिल नहीं था। लेकिन अब यह साफ हो गया है कि 22 जून को स्टेट डिनर से पहले प्रेसिडेंट बाइडेन भारत के प्रधानमंत्री को फैमिली डिनर पर भी बुलाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति और उनका परिवार व्हाइट हाउस में रहता है। लिहाजा, माना जा रहा है कि यह इंटीमेट डिनर उनकी पसंद की किसी जगह पर होस्ट किया जाएगा।
व्हाइट हाउस के एक अफसर के मुताबिक, व्हाइट हाउस के खूबसूरत लॉन में शानदार अराइवल सेरेमनी होगी। इसके पहले प्रधानमंत्री मोदी और बाइडेन फैमिली को डिनर पर कुछ लम्हे ऐसे मिलेंगे, जहां वो आपसी बातचीत करके ज्यादा घुल-मिल सकेंगे। इस दौरान काफी वक्त ये लोग साथ गुजारेंगे। इसके अगले दिन यानी 22 जून को स्टेट डिनर होगा और इसमें कई लोग शामिल होंगे। अफसर के मुताबिक, स्टेट डिनर दोनों देशों के लिए सेलिब्रेशन होगा। इसमें न सिर्फ भारत से आ रहे हमारे मेहमान शामिल होंगे, बल्कि अमेरिकी भी इसका हिस्सा बनेंगे। मोदी की विजिट से पहले एक भी दिन ऐसा नहीं गुजर रहा जिसमें हमसे लोग इस डिनर के लिए टिकट न मांग रहे हों। मुझे लगता है यह स्टेट डिनर बहुत यादगार साबित होगा।


