मुख्यमंत्री कार्यालय

मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री कार्यालय में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल : नई टीम गठित, अफसरों के बीच हुआ विभागों का बंटवारा

देश/प्रदेश प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, भोपाल। MP IAS Transfer List : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की कार्यप्रणाली को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बड़ी जमावट की गई है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी कौशलेंद्र विक्रम सिंह और सुधीर कोचर के टीम में शामिल होने के बाद, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने अधिकारियों के बीच नए सिरे से जिम्मेदारियों का आवंटन किया है। इस फेरबदल का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं की निगरानी को तेज करना और आगामी बड़े आयोजनों की तैयारी को पुख्ता करना है।

अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई संभालेंगे सिंहस्थ की कमान

मुख्यमंत्री कार्यालय के प्रमुख, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई न केवल पूरे दफ्तर के मुखिया होंगे, बल्कि उन्होंने वर्ष 2028 में होने वाले ‘सिंहस्थ’ महापर्व के सफल आयोजन की जिम्मेदारी भी अपने पास रखी है। इसके साथ ही वे इंदौर और उज्जैन संभाग के प्रशासनिक कार्यों की सीधी निगरानी करेंगे। वहीं, सचिव आलोक सिंह को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है, ताकि किसानों से जुड़ी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मिली विजिलेंस की जिम्मेदारी

हाल ही में मुख्यमंत्री कार्यालय में आए सचिव कौशलेंद्र विक्रम सिंह को ‘विजिलेंस शाखा’ का प्रभारी बनाया गया है। उनके पास मुख्यमंत्री कार्यालय में आने वाली गंभीर शिकायतों के निराकरण और उन पर की गई कार्यवाही की रिपोर्ट तैयार करने का अहम जिम्मा होगा। इसके साथ ही वे मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के लक्ष्यों की निगरानी और चुनावी घोषणा पत्रों के क्रियान्वयन पर नजर रखेंगे। नए उप सचिव सुधीर कोचर को मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रमों और सीएम हेल्पलाइन जैसे जनहित के कार्यों में सहयोग देने के लिए तैनात किया गया है।

दिल्ली और केंद्र से समन्वय का जिम्मा इलैया राजा टी को

सचिव डॉ. इलैया राजा टी को केंद्र और राज्य के बीच लंबित मामलों में तालमेल बैठाने की जिम्मेदारी दी गई है। वे केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों के साथ पत्राचार के अलावा मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरों का प्रबंधन भी देखेंगे। दूसरी ओर, सचिव चंद्रशेखर वालिम्बे को जबलपुर, रीवा और शहडोल संभागों के साथ समन्वय और मुख्यमंत्री के संवाद कार्यक्रमों का जिम्मा सौंपा गया है।

निवेश और परियोजनाओं की निगरानी के लिए विशेष तैनाती

राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए अवर सचिव चंद्रमौली शुक्ला को उद्योगपतियों और निवेशकों के साथ मुख्यमंत्री की बैठकों और निवेश प्रकरणों के निराकरण का कार्य दिया गया है। अपर सचिव अरविंद दुबे ‘प्रगति पोर्टल’ के माध्यम से राज्य की बड़ी विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे। साथ ही अरुण परमार को ई-ऑफिस, कैबिनेट बैठक की तैयारी और कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। लक्ष्मण सिंह मरकाम तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और जनजातीय कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े कार्यों को सीएमओ में देखेंगे। इस नई व्यवस्था से मुख्यमंत्री कार्यालय में फाइलों के निपटारे और योजनाओं की मॉनिटरिंग में तेजी आने की उम्मीद है।

ये भी पढ़े : आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या : पोस्टमॉर्टम में खुलासा, मौत से पहले छात्रा ने किया था कड़ा संघर्ष

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply