MP सहित 8 राज्यों में बारिश की संभावना, बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत, असम के 10 जिलों में बाढ़ के हालात

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नई दिल्ली| मध्‍य प्रदेश, उत्‍तर प्रदेश सहित आठ राज्‍यों में गुरुवार और शुक्रवार को बारिश होने का अनुमान जताया गया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 4 दिन 22 से 26 जून तक पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। इधर, असम में ब्रह्मपुत्र नदी उफान पर है। असम स्टेट डिजास्टर के मुताबिक, राज्य के 10 जिलों में बाढ़ से हालात हैं। 108 गांवों में 1 लाख 20 हजार लोग प्रभावित हुए हैं। सबसे ज्यादा नलबाड़ी जिले में बाढ़ से 45 हजार लोग प्रभावित हैं। बुधवार को पश्चिम बंगाल के मालदा और बिहार के जमुई जिले में बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई। मालदा में 12 बच्चे बिजली गिरने से घायल हो गए। मौसम विभाग ने ओडिशा, बिहार, झारखंड और तेलंगाना में अगले 4 दिन लू का अलर्ट जारी किया है। इन्हीं चार दिनों में मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान 6 राज्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार और झारखंड में लू चली। वहीं, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश हुई है। मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, राजस्थान, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजस्थान में भी चक्रवाती तूफान की वजह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने जयपुर, टोंक, दौसा, कोटा में बारिश होने की संभावना जताई है। असम, मेघालय, बिहा, झारखंड, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो गई है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर में बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों तक यह सिलसिला जारी रहने वाला है। विभाग ने आज उत्तराखंड के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड से लेकर जम्मू तक भारी बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

Leave a Reply