MP में तेज बारिश से सिवनी के डुंगरिया डैम में रिसाव, दो गांव खाली कराए, जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर पानी भरा

मध्‍य प्रदेश राष्ट्रीय

भोपाल| मध्यप्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। सिवनी, नरसिंहपुर और उमरिया समेत कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। सिवनी में भारी बारिश के कारण डुंगरिया डैम की दीवार में रिसाव होने लगा। इससे आसपास के दो गांवों को खाली कराया गया है। जबलपुर और नरसिंहपुर में नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर नर्मदा नदी का जलस्तर गुरुवार सुबह 8 बजे 947 फीट पहुंच गया। 24 घंटे के अंदर 10 फीट से ज्यादा पानी बढ़ा है। हालांकि यह खतरे के निशान से 18 फीट नीचे है। जिला प्रशासन व बचाव दल अलर्ट हैं।

शिवपुरी में 9 घंटे में 2 इंच से ज्यादा बारिश

गुरुवार को शिवपुरी में 9 घंटे में 2 इंच से ज्यादा पानी गिरा। वहीं रतलाम में 1.6, खरगोन में 1.4, नौगांव में 1.2, पचमढ़ी में 0.7, इंदौर में 0.7, उज्जैन-खजुराहो में 0.5, बैतूल में 0.4 इंच बारिश हुई। मंडला, भोपाल, दमोह, ग्वालियर, सतना, जबलपुर, गुना, सागर और रीवा में भी बारिश हुई। बारिश के चलते कई शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री से कम रहा। भोपाल में पारा 30.3, इंदौर में 27.8, ग्वालियर में 34.5 और जबलपुर में 29.7 डिग्री तापमान रहा। पचमढ़ी में सबसे कम 24.8 डिग्री तापमान रहा। उज्जैन, खजुराहो, सागर, दमोह, सतना, मलांजखंड, नौगांव, शिवपुरी, सिवनी, बैतूल, धार, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम में भी तापमान 30 डिग्री से कम रहा।

सिवनी में सड़क टूटी, आवागमन बंद

सिवनी जिले के लखनादौन विकासखंड में लगातार बारिश से निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। बारिश के कारण आदेगांव सड़क टूट गई, जिससे इस मार्ग पर आवागमन बंद हो गया। गनेशगंज के समीप डुंगरिया बांध की बाहरी दीवार में छेद होने से पानी रिसाव को देखते हुए डुंगरिया और बदनौर गांव को प्रशासन ने खाली कराया है। ग्रामीणों को जोगीगुफा व अन्य गांव में सुरक्षित पहुंचाया गया। केवलारी थाना अंतर्गत थांवर नदी का जलस्तर बढ़ने से पुल पर पानी आ गया। इससे केवलारी का नैनपुर-मंडला जिले से संपर्क टूट गया। डुंगरिया पुल पर भी पानी भर गया।

24 घंटे में 10 फीट बढ़ा नर्मदा नदी का जलस्तर
टापू में फंसा 12 वर्षीय बच्चा, पुलिस और SDRF ने बचाया, टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक 12 साल बच्चा धसान नदी के टापू पर फंस गया। देर रात परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एसडीईआरएफ टीम ने नदी के दोनों छोर पर रस्सी बांधकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला लिया। एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि बच्चा अपने दोस्तों के साथ मवेशी चराने गया था। इस दौरान जलस्तर बढ़ने से बच्चा टापू पर फंस गया।

सिवनी में नदी में फंसे लोग, हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू

सिवनी जिले के केवलारी ब्लॉक में खरपडियां गांव में बुधवार को 6 लोग नदी के टापू पर फंस गए। जिन्हें हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू किया गया। इसमें 1 महिला और 5 पुरुष शामिल हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग मवेशी चराने गए थे। यहां अचान क नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिससे ये टापू में फंस गए। मौके पर केवलारी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। नरसिंहपुर जिले में करीब साढ़े 8 इंच बारिश दर्ज की गई। यहां जबलपुर-इटारसी रेलवे ट्रैक पर बारुरेवा रेलवे पुल की मिट्‌टी में कटाव हो गया। इसके चलते कई ट्रेनों के रूट डायवर्ट कर दिए गए। जबलपुर में हिरन नदी के तेज बहाव में एक पिकअप बह गई। भोपाल में भी सुबह से दोपहर तक रुक-रुक कर रिमझिम और तेज बारिश हुई।

पन्ना में हॉर्टिकल्चर विभाग के कार्यालय में पानी भरा

पन्ना जिले में बुधवार रात से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। लोगों को आपदा से बचाने वाले होमगार्ड (आपदा प्रबंधन) विभाग के कार्यालय भी पानी भर गया। कार्यालय परिसर व अंदर इतना पानी भर गया कि आपदा प्रबंधन के कर्मचारियों को नाव चलानी पड़ रही है। जिला मुख्यालय का हॉर्टिकल्चर विभाग कार्यालय भी तालाब में तब्दील हो चुका है। नगर के बड़े बाजार में दुकानों में पानी भर गया है, जिससे लोग काफी ज्यादा परेशान हो रहे हैं। अभी मौसम बना हुआ है। बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि आज दिनभर बारिश का सिलसिला चलता रहेगा।

Leave a Reply