टेलीविजन का पॉपुलर शो कौन बनेगा करोड़पति जल्द ही दर्शकों का मनोरंजन करने वाला है। फैंस इस शो के नए सीजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। शो का नया सीजन काफी दिलचस्प और अलग होने वाला है। अमिताभ बच्चन और दर्शकों के बीच की मस्ती को दर्शक काफी एंजॉय करते हैं। शो जल्द ही टीवी पर वापसी करने वाला है। कौन बनेगा करोड़पति के मेकर्स ने सोशल मीडिया पर शो से जुड़ी नई अपडेट शेयर की है। KBC 15 का प्रोमो रिलीज कर दिया गया है। इस प्रोमो में अमिताभ बच्चन शो के बारे में जानकारी देते हुए कह रहे हैं कि ये सीजन काफी खास होगा।
रिलीज हुआ 15वें सीजन का प्रोमो
सोनी टीवी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कौन बनेगा करोड़पति के 15वें सीजन का प्रोमो रिलीज किया है। इस प्रोमो में अमिताभ बच्चन अपने अनोखे अंदाज में बदलते इंडिया के बारे में बता रहे हैं। बिग बी कहते हैं सब कुछ बदल रहा, बड़े ज्ञान से, बड़े शान से। देखो सब कुछ बदल रहा। इसके बाद प्रोमो में एक महिला मीटिंग करते हुए दिखाई देती है, साथ ही वह टेबल के नीचे से बेटे संग फुटबॉल भी खेल रही होती है। इसके बाद सड़क पर सामान बेचते हुए एक लड़का नजर आता है, जब उसे कैश दिया जाता है तो वह अपने हाथ पर क्यूआर स्कैनर का टैटू दिखाता है।
खास होगा इस बार का सीजन
कौन बनेगा करोड़पति सीजन 15 में कई तरह की अलग-अलग चीजें दिखाई गई। प्रोमो में बताया है कि कैसे टेक्नोलॉजी बिजनेस को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। प्रोमो को शेयर करने के साथ ही कैप्शन में लिखा गया कौन बनेगा करोड़पति जल्द ही एक नए रूप में। क्विज। कौन बनेगा करोड़पति 15 के लिए इस साल अप्रैल में रजिस्ट्रेशन शुरू हुए थे। वहीं साल 2000 में इस शो की शुरुआत हुई थी। इस शो को बिग बी होस्ट करते आ रहे हैं। साल 2007 में शाहरुख खान ने इसे होस्ट किया था।


