एजेंसी, नई दिल्ली। देश की नंबर-1 एयरलाइन इंडिगो पिछले कुछ दिनों से अपने सबसे बड़े ऑपरेशनल क्राइसिस से जूझ रही है। लगातार फ्लाइट कैंसिलेशन, घंटों देरी, एयरपोर्ट पर फंसे हजारों यात्री और उनके परिवारों की परेशानी ने पूरे देश का ध्यान खींचा है। कई लोग जरूरी मीटिंग, परीक्षा और मेडिकल इमरजेंसी तक मिस कर चुके हैं। इस मुश्किल घड़ी में आखिरकार इंडिगो ने यात्रियों के लिए बड़ा राहत पैकेज घोषित किया है।
कंपनी ने मांगी माफी, बताया असली कारण
इंडिगो ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी और स्वीकार किया कि पिछले कुछ दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहे। कंपनी ने बताया कि 5 दिसंबर को सबसे ज्यादा फ्लाइट्स कैंसिल हुईं क्योंकि पूरे सिस्टम और शेड्यूल को रीसेट किया जा रहा था। इसका मकसद अगले दिन से स्थिति को तेजी से सुधारना था। इंडिगो ने साफ कहा कि यह समस्या एक दिन में खत्म नहीं होगी, लेकिन पूरी टीम दिन-रात लगी हुई है।
यात्रियों के लिए खास राहत पैकेज
– सभी कैंसिल फ्लाइट्स का पूरा रिफंड अपने आप मूल पेमेंट तरीके (कार्ड/यूपीआई/वॉलेट) में वापस हो जाएगा – कोई मैनुअल प्रोसेस नहीं।
– 5 दिसंबर 2025 से 15 दिसंबर 2025 तक की सभी बुकिंग्स पर कैंसिलेशन और डेट चेंज बिल्कुल फ्री।
– बड़े शहरों में हजारों होटल रूम और ग्राउंड ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था।
– एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों को मुफ्त भोजन, स्नैक्स और जहां संभव हो सीनियर सिटिजन्स को लाउंज एक्सेस।
– कस्टमर केयर टीम की क्षमता कई गुना बढ़ाई गई, साथ ही AI चैटबॉट “6ईएसकेएआई” से तुरंत रिफंड, रीबुक और फ्लाइट स्टेटस की जानकारी ली जा सकती है।
इंडिगो की यात्रियों से गुजारिश
कंपनी ने अपील की है कि अगर आपकी फ्लाइट कैंसिल है तो बेकार में एयरपोर्ट न आएं। सबसे पहले वेबसाइट या मैसेज से स्टेटस चेक करें। कॉल सेंटर पर भारी भीड़ है, इसलिए ज्यादा से ज्यादा लोग ऑनलाइन और एआई असिस्टेंट का इस्तेमाल करें। इंडिगो ने भरोसा दिया है कि आने वाले दिनों में परिचालन धीरे-धीरे सामान्य हो जाएगा। यात्रियों की असुविधा के लिए एक बार फिर खेद जताते हुए कंपनी ने कहा – “हम आपकी धैर्य और सहयोग के लिए शुक्रगुजार हैं।”

इंडिगो की उड़ानें रद्द… रेलवे ने संभाला पूरा मोर्चा, 37 ट्रेनों में 116 एक्स्ट्रा कोच जोड़े, 4 स्पेशल ट्रेनें भी दौड़ीं
देशभर में इंडिगो की सैकड़ों फ्लाइटें अचानक रद्द होने से हवाईअड्डों पर अफरा-तफरी मच गई। हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे नजर आए तो भारतीय रेलवे ने तुरंत कमान संभाली और यात्रियों की मुसीबत को मौके में बदल दिया। रेल मंत्रालय ने महज कुछ घंटों में बड़ा ऐक्शन लेते हुए 37 नियमित ट्रेनों में कुल 116 अतिरिक्त कोच जोड़ दिए। इन कोचों की मदद से 114 से ज्यादा अतिरिक्त फेरे चलाए जा रहे हैं, जिससे सबसे ज्यादा प्रभावित रूट्स पर सीटों की भारी कमी दूर हो गई है।
कौन से जोन ने कितने कोच बढ़ाए?
– दक्षिण रेलवे ने सबसे बड़ा योगदान दिया – 18 ट्रेनों में क्षमता बढ़ाई
– उत्तरी रेलवे – 8 ट्रेनों में 3एसी और चेयर कार कोच जोड़े
– पश्चिम रेलवे – 4 हाई-डिमांड ट्रेनों में 3एसी व 2एसी कोच बढ़ाए
– पूर्व मध्य रेलवे – राजेंद्र नगर-नई दिल्ली राजधानी (12309) में 6-10 दिसंबर तक अतिरिक्त 2एसी कोच
– पूर्व तट रेलवे – भुवनेश्वर-नई दिल्ली वंदे भारत रूट पर अतिरिक्त 2एसी कोच
– पूर्वी रेलवे – 7-8 दिसंबर को 6 फेरों में स्लीपर कोच बढ़ाए
– पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे – 6-13 दिसंबर तक दो ट्रेनों में 3एसी व स्लीपर कोच जोड़े
ये सभी बढ़ोतरी 6 दिसंबर 2025 से ही लागू कर दी गई हैं।
चार नई स्पेशल ट्रेनें भी पटरी पर
रेलवे ने सिर्फ कोच बढ़ाने तक नहीं रुका, बल्कि चार पूरी तरह नई स्पेशल ट्रेनें भी चलाईं:
1. गोरखपुर – आनंद विहार टर्मिनस – गोरखपुर स्पेशल (05591/05592) → 7 और 9 दिसंबर को 4 फेरे
2. नई दिल्ली – श्री माता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत स्पेशल (02439/02440) → 6 दिसंबर को
3. नई दिल्ली – मुंबई सेंट्रल सुपरफास्ट स्पेशल (04001/04002) → 6 व 7 दिसंबर को
4. हजरत निजामुद्दीन – तिरुवनंतपुरम सेंट्रल वन-वे सुपरफास्ट स्पेशल (04080) → 6 दिसंबर को
इन कदमों से दिल्ली, मुंबई, दक्षिण भारत, बिहार, ओडिशा, पूर्वोत्तर और जम्मू तक के सबसे व्यस्त कॉरिडोर पर तुरंत राहत मिली है।


