जबलपुर: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हर वर्ग को साधने में लगे हुए हैं। सीएम चौहान ने शनिवार को लाड़ली बहना योजना में दी जाने वाली आर्थिक सहायता की राशि को बढ़ाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों को आगे तीन हजार रुपए तक दिए जाएंगे। शुरुआत एक हजार रुपए से कर रहे हैं। उन्होंने 250-250 रुपए बढ़ाते हुए तीन हजार तक देने की बात कही। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शनिवार को सिंगल क्लिक में 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 1250 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। जबलपुर में लाड़ली बहना योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीएम ने लाड़ली बहना योजना के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा। शिवराज सिंह ने कहा कि मुझ पर विश्वास करो। आपको हर महीने तीन हजार रुपए दूंगा। कुछ लोग झूठी घोषणा कर रहे हैं लेकिन मुझे झूठा बोल रहे हैं। ऐसे लोगों से आपको सावधान रहने की जरूरत है। सीएम चौहान ने कहा कि अभी जितनी भी योजनाएं चल रही हैं, उन्हें जारी रखने के लिए आपको भाजपा के साथ रहना है। अपने भाई का साथ देना है। मोदी जी का साथ देना है। लाड़ली बहना परिवार के साथ लाड़ली बहना सेना भी बनेगी। इसमें अधिक से अधिक बहनें शामिल हों। इस सेना का काम बहनों की रक्षा करना होगा, इसलिए बहनों से कहता हूं कि अधिक से अधिक बहनें सेना में शामिल हों।
सीएम ने कहा कि आज आनंद का दिन है। हर महीने महिलाओं के खाते में एक हजार रुपए डाले जाएंगे। सरकार एक हजार रुपए तक ही नहीं रुकेगी। धीरे-धीरे पैसे बढ़ाते जाएंगे। पैसे का इंतजाम होते ही और भी बढ़ाएंगे। आने वाले समय में 250-250 रुपए बढ़ाकर तीन हजार रुपए तक ले जाएंगे। पहले ये योजना आदिवासियों के लिए बनाई थी। जब कांग्रेस की सरकार आई तो उन्होंने बंद कर दी थी। बेटा-बेटियों के लैपटॉप भी कांग्रेस ने बंद कर दिए थे। सीएम ने कहा कि अभी तक 23 साल या उससे ज्यादा की उम्र की शादीशुदा बहनों को योजना का लाभ मिलता था। अब जो बेटी 21 साल की हो गई है, उसे भी लाड़ली बहना योजना का लाभ दिया जाएगा।


