BJP का घर-घर संपर्क अभियान शुरू, CM शिवराज ने भोपाल में लालघाटी से किया शुभारंभ, नागरिकों से मिले

मध्‍य प्रदेश

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ वर्षं पूरे होने पर भाजपा द्वारा प्रदेश में 30 मई से 30 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 20 से 30 जून तक प्रदेश के 65 हजार बूथों पर 10 दिन घर-घर संपर्क अभियान चलेगा। पार्टी नेता घर-घर जाकर भाजपा सरकार की नौ वर्षं की उपलब्धियों पर चर्चा करेंगे। भोपाल के हुजूर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज महाजनसंपर्क अभियान शुरू किया। विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ लालघाटी स्थित नंदीश्वर दीप जिनालय बूथ क्रमांक 45 से जनसंपर्क की शुरूआत की गई। इस मौके पर भाजपा कार्य कर्ताओं ने नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जैन मंदिर में पुष्प अर्पित किए इस अवसर पर विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राम बंसल, पार्षद ज्योति जगदीश यादव समेत भारतीय जनता पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। जैन मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में 9 साल में अद्भुत विकास कार्य हुए हैं। इसकी जानकारी देने के लिए हम जनता के बीच जा रहे हैं। हमें आप सब का आशीर्वाद चाहिए। जैन मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। परिसर में पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल धमाकों के साथ सीएम की अगवानी की। मुख्यमंत्री ने बाद में विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ अनेक घरों में जाकर भाजपा की उपलब्धियों से संबंधित पर्चे वितरित किए। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा भोपाल उत्तर विधानसभा के बूथ क्रमांक 126 और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद भोपाल मध्य विधानसभा के बूथ क्रमांक 180 में कार्यकर्ताओं के साथ घर-घर संपर्क करने निकले हैं। मंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा भी भोपाल में संपर्क करेंगे। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता बूथों पर पहुंचकर घर-घर संपर्क करेंगे और भाजपा सरकार की उपलब्धियों के पत्रक वितरित करेंगे।

Leave a Reply