नागपुर में चार घंटे में 4 इंच बारिश : एक बुजुर्ग महिला की मौत, 500 लोगों का रेस्क्यू, सेना को बुलाया

महाराष्ट्र राष्ट्रीय राष्ट्रीय

नागपुर| महाराष्ट्र के नागपुर में गुरुवार से लगातार बारिश हो रही है। शनिवार को यहां 4 घंटे में ही 4 इंच यानी 100 मिलीमीटर बारिश हो गई। अंबाझरी लेक ओवरफ्लो होने के कारण निचले इलाकों में पानी घुस गया है। इससे शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महाराष्ट्र के डिप्टी CM देवेन्द्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर बताया कि NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। अब तक करीब 500 लोगों का रेस्क्यू किया गया है। मूक-बधिर बच्चों के स्कूल से 70 बच्चों को रेस्क्यू किया गया है। राहत बचाव के लिए सेना की दो यूनिट भी पहुंची हैं। जिन लोगों के अस्थायी शिविरों में ठहराया गया है उन्हें भोजन और जरुरत का सामान भी दिया जा रहा है। मौसम विभाग ने नागपुर सहित महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आज भी बारिश की संभावना जताई है। मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट है। बारिश की वजह से नागपुर रेलवे स्टेशन पर 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। इससे यात्रियों को परेशानी हुई। रेलवे का कहना है- इस संकट के बावजूद ट्रेनों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा। कोई ट्रेन रद्द भी नहीं की गई।

मध्यप्रदेश और दिल्ली में बारिश का कोटा पूरा
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्यप्रदेश और दिल्ली में मानसून ने अपना कोटा पूरा कर लिया है। मध्यप्रदेश में 1 सितंबर से 22 सितंबर तक औसत 923 मिमी बारिश होती है। इस बार अब तक 927.5 मिमी बारिश हो चुकी है। दिल्ली में 531.3 मिमी बारिश होती है। 22 सितंबर तक 532.3 मिमी बरसात हो चुकी है। बिहार के 4 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 7 जिलों में यलो अलर्ट है। पिछले दो दिनों से रुक-रुककर बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है। हालांकि, बिहार में अब तक औसत से 28% कम बारिश हुई है। 1 जून से 22 सितंबर तक बिहार में 938.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 671.4 मिमी बारिश ही हुई है। 24 सितंबर से बाद फिर से मौसम बदलने की संभावना है।

Leave a Reply