एजेंसी, मेक्सिको सिटी। Mexico Mass Shooting : मेक्सिको के पुएब्ला राज्य में रविवार तड़के हुए भीषण गोलीकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया। हथियारबंद हमलावरों ने एक घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक नाबालिग बच्चा शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े स्तर पर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक पड़ोसियों ने देर रात गोलियों की आवाज सुनने के बाद पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के अंदर कई लोग खून से लथपथ पड़े मिले। कुछ लोग गंभीर रूप से घायल थे। एक महिला को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
Ten killed in armed attack in Mexico’s Puebla state https://t.co/c4BOz3EmWY https://t.co/c4BOz3EmWY
— Reuters (@Reuters) May 17, 2026
फुटबॉल विश्व कप से पहले बढ़ी सुरक्षा चिंता
यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अगले महीने मेक्सिको में फुटबॉल विश्व कप के मुकाबले आयोजित होने हैं। मेक्सिको इस बार अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट की सह-मेजबानी करने जा रहा है। मेक्सिको सिटी, मॉन्टेरी और ग्वाडलहारा समेत कई शहरों में मैच खेले जाने हैं। ऐसे में इस सामूहिक हत्याकांड ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम पहले ही टूर्नामेंट के दौरान एक लाख सुरक्षा कर्मियों की तैनाती का ऐलान कर चुकी हैं। सरकार का कहना है कि खिलाड़ियों, पर्यटकों और आम लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
हमलावरों का अब तक कोई सुराग नहीं
पुएब्ला राज्य सरकार ने बताया कि हमले को कई हथियारबंद लोगों ने अंजाम दिया। हालांकि अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमला किन कारणों से किया गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच में नेशनल गार्ड, राज्य पुलिस, स्थानीय पुलिस, अटॉर्नी जनरल कार्यालय और खुफिया एजेंसियों की टीमें जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है।
ड्रग कार्टेल हिंसा से जूझ रहा है मेक्सिको
मेक्सिको लंबे समय से ड्रग कार्टेल और संगठित अपराध से जुड़ी हिंसा का सामना कर रहा है। मध्य मेक्सिको के कई इलाकों में पिछले कुछ महीनों में हिंसक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। रिपोर्टों के अनुसार लगातार हो रही गैंगवार और अपराध के कारण सैकड़ों परिवारों को अपना घर छोड़ना पड़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि पुएब्ला और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के बीच संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। इसी वजह से हत्या, अपहरण और गोलीबारी जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं।
फरवरी में मारा गया था बड़ा ड्रग माफिया
कुछ महीने पहले मेक्सिको की सेना ने देश के सबसे बड़े ड्रग माफिया सरगनाओं में शामिल एल मेंचो को एक बड़े अभियान में मार गिराया था। उसके मारे जाने के बाद देश के कई हिस्सों में हिंसा भड़क उठी थी। उसके समर्थकों ने हाईवे जाम किए, वाहनों में आग लगाई और कई जगह तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। एल मेंचो जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल का प्रमुख माना जाता था, जो मेक्सिको के सबसे खतरनाक आपराधिक संगठनों में शामिल है। इस गिरोह पर ड्रग तस्करी, उगाही, अपहरण और बड़े पैमाने पर हिंसा फैलाने के आरोप रहे हैं। अमेरिकी एजेंसियां भी लंबे समय से इस कार्टेल पर नजर रखे हुए थीं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठने लगे सवाल
ताजा गोलीकांड के बाद एक बार फिर मेक्सिको की कानून व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सरकार लगातार अपराध रोकने के दावे करती है, लेकिन आम लोग अब भी भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि विश्व कप जैसे बड़े आयोजन से पहले सरकार को सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करनी होगी ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि प्रभावित न हो। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


