देश के प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 31 जुलाई तक भेजें नामांकन
एजेंसी, नई दिल्ली। भारत के सबसे उच्च नागरिक सम्मानों में शुमार पद्म पुरस्कारों के लिए वर्ष 2026 की नामांकन प्रक्रिया का आगाज हो गया है। विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए आगामी 31 जुलाई तक नाम भेजे जा सकते हैं। प्रतिवर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित किए जाने वाले इन सम्मानों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 15 मार्च से ही सक्रिय है। कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान, इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा और व्यापार जैसे क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को इसके लिए नामांकित किया जा सकता है।
#HamarePadma | ज्ञान की रोशनी बाँट रहे अंके गौड़ा
अंके गौड़ा ने अपनी जिंदगी की 70-80% कमाई किताबें खरीदने में लगा दी, ताकि ज्ञान हर व्यक्ति तक पहुँच सके।
कर्नाटक के मैसूर के पास हरलाहल्ली में उन्होंने ‘पुस्तक मने’ नाम की विशाल निःशुल्क लाइब्रेरी बनाई, जहाँ 20 लाख से अधिक… pic.twitter.com/NBS0fbeJuR
— डीडी न्यूज़ (@DDNewsHindi) April 26, 2026
केवल ऑनलाइन पोर्टल पर स्वीकार होंगे आवेदन
गृह मंत्रालय के अनुसार, पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों के लिए नामांकन और सिफारिशें केवल राष्ट्रीय पद्म पुरस्कार पोर्टल पर ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी। इन पुरस्कारों की स्थापना वर्ष 1954 में की गई थी, जिसका उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में ‘उत्कृष्ट कार्य’ करने वालों को सम्मानित करना है। नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित की गई है, जिसके बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
‘पीपल्स पद्म’ बनाने पर सरकार का जोर
सरकार का लक्ष्य इन पुरस्कारों को ‘पीपल्स पद्म’ यानी आम जनता का पुरस्कार बनाना है। इसके तहत जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के भेदभाव के बिना सभी नागरिक इन सम्मानों के लिए पात्र हैं। उल्लेखनीय है कि डॉक्टर और वैज्ञानिकों को छोड़कर, सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत सरकारी कर्मचारी इन पुरस्कारों के लिए पात्र नहीं माने जाते हैं। नागरिक स्वयं का नामांकन भी कर सकते हैं। सरकार का विशेष आग्रह है कि समाज के उन दबे-कुचले वर्गों, महिलाओं, अनुसूचित जातियों, जनजातियों और दिव्यांग व्यक्तियों में से छिपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाया जाए, जो निस्वार्थ भाव से समाज सेवा में जुटे हैं।
नामांकन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पद्म पोर्टल पर उपलब्ध प्रारूप के अनुसार ही नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन में संबंधित व्यक्ति की उपलब्धियों का स्पष्ट विवरण होना चाहिए, जिसके लिए अधिकतम 800 शब्दों का एक विस्तृत लेख (साइटेशन) देना अनिवार्य है। इसमें व्यक्ति की विशिष्ट सेवा और असाधारण कार्यों का उल्लेख होना चाहिए। इस प्रक्रिया से जुड़ी समस्त जानकारी गृह मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट और पद्म पुरस्कार पोर्टल पर विस्तार से उपलब्ध है।
ये भी पढ़े : भीषण गर्मी का सितम : भोपाल में आठवीं तक के स्कूलों में अवकाश, लू के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन का सख्त फैसला
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


