एजेंसी, नई दिल्ली। PM Modi Mann Ki Baat : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए देश को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में चल रही जनगणना केवल सरकारी औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस महाअभियान की सफलता के लिए जनता की भागीदारी बहुत जरूरी है। प्रधानमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जनगणना के दौरान साझा की गई हर जानकारी पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रहेगी। उन्होंने सभी भारतीयों से आग्रह किया कि वे आगे आएं और जनगणना 2027 को एक ऐतिहासिक सफलता बनाएं।
डिजिटल सुरक्षा और गोपनीयता का वादा
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि लोगों को डेटा की सुरक्षा को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जनगणना का पूरा सिस्टम डिजिटल सुरक्षा के साथ तैयार किया गया है। नागरिकों द्वारा दी गई जानकारी को गोपनीय रखा जाता है और इसे केवल देश के विकास की योजनाओं के लिए इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनगणना देश का सबसे महत्वपूर्ण अभियान है और यह दुनिया की सबसे बड़ी गणना प्रक्रिया है, जिसके बारे में हर भारतीय को जानकारी होनी चाहिए।
इस बार मोबाइल ऐप से होगी गणना
मोदी ने जानकारी दी कि जनगणना 2027 को पूरी तरह से डिजिटल रूप दिया गया है। अब सारी जानकारी सीधे डिजिटल सिस्टम में दर्ज की जा रही है। फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों को विशेष मोबाइल ऐप दिए गए हैं, जो घर-घर जाकर लोगों से बातचीत करेंगे और उसी समय ऐप में डेटा भरेंगे। यह तरीका न केवल सटीक है बल्कि इससे काम की गति भी बढ़ेगी।
स्व-गणना: खुद भी भर सकेंगे अपना विवरण
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस बार आम जनता के लिए प्रक्रिया को बहुत सरल बना दिया गया है। अब लोग स्वयं भी अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। गणना कर्मचारी के घर आने से 15 दिन पहले ‘स्व-गणना’ की सुविधा शुरू हो जाएगी। नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार इंटरनेट के माध्यम से डेटा भर सकेंगे। इसके बाद उन्हें एक स्पेशल आईडी मिलेगी जो उनके मोबाइल या ईमेल पर आएगी। जब कर्मचारी घर पहुंचेगा, तो केवल वह आईडी दिखाकर जानकारी की पुष्टि की जा सकेगी, जिससे दोबारा पूरी प्रक्रिया दोहराने की जरूरत नहीं होगी।
अब तक का प्रोग्रेस रिपोर्ट
पीएम मोदी ने बताया कि जिन राज्यों में स्व-गणना का शुरुआती चरण पूरा हो चुका है, वहां मकानों की सूची बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब तक लगभग एक करोड़ 20 लाख परिवारों के मकानों का पंजीकरण किया चुका है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस बार जनगणना का अनुभव पहले के मुकाबले काफी अलग और सुविधाजनक होगा। अंत में उन्होंने सभी से इस राष्ट्रीय कार्य में जुड़ने की अपील की।
ये भी पढ़े : ह्वाइट हाउस में ट्रंप पर जानलेवा हमला, क्या ईरान ले रहा है अपने नेता की मौत का बदला
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


