फ्लाइट LX147

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला : टेकऑफ के समय स्विस विमान के इंजन में लगी आग, बाल-बाल बचे 232 यात्री

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। Delhi Airport News : दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार की देर रात एक बड़ा विमान हादसा होने से बच गया। ज्यूरिख जाने वाली स्विस एयरलाइंस की फ्लाइट LX147 जैसे ही उड़ान भरने के लिए रनवे पर दौड़ी, अचानक उसके इंजन में तकनीकी खराबी आ गई और आग लग गई। यह घटना रात लगभग 1:08 बजे की है। विमान में 4 नवजात शिशुओं सहित कुल 232 यात्री सवार थे। आग की खबर मिलते ही पायलट ने सूझबूझ दिखाई और विमान को तुरंत रनवे पर ही रोक दिया। इसके बाद पूरे एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

रनवे पर मची भगदड़ और 6 यात्री घायल

अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही इंजन में आग लगने की सूचना मिली, विमान के भीतर हड़कंप मच गया। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए तत्काल ‘इमरजेंसी स्लाइड’ (आपातकालीन फिसलने वाली पट्टी) का इस्तेमाल किया गया। इसी दौरान यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस पूरी प्रक्रिया में 6 यात्री मामूली रूप से घायल हो गए हैं। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए विमान के लैंडिंग गियर के पास लगी आग पर काबू पाया।

एयरलाइन ने जारी किया आधिकारिक बयान

स्विस एयरलाइन ने इस पूरी घटना पर सफाई देते हुए कहा है कि यह विमान एयरबस A330 मॉडल का था। जब विमान टेकऑफ करने ही वाला था, तभी बाईं ओर के लैंडिंग गियर से धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उड़ान को वहीं रोक दिया गया। एयरलाइन ने बताया कि उनकी स्थानीय टीम यात्रियों की मदद के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद है और सभी के ठहरने व आगे की यात्रा का प्रबंध किया जा रहा है।

आग लगने के कारणों की होगी उच्च स्तरीय जांच

हादसे की खबर मिलते ही नागरिक उड्डयन विभाग और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। एयरलाइन ने कहा है कि घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए एक विशेषज्ञ टीम जल्द ही दिल्ली पहुंचेगी। शुरुआती जांच में इसे इंजन फेल होने और लैंडिंग गियर में शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाल लिया गया है और घायलों का उपचार किया जा रहा है।

ये भी पढ़े : केएल राहुल ने आईपीएल में रचा इतिहास : 152 रन की तूफानी पारी के साथ टी20 में बनाया सबसे बड़ा भारतीय स्कोर

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply